मुजफ्फरपुर जिले के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। 20 साल की पीड़िता स्नातक की छात्रा है। मूल रूप से झारखंड की रहने वाली है। अभी वो किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहती है। पीड़िता का आरोप है कि मनियारी के शिवम ने पहले प्रेम जाल में फंसाया। फिर शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया।
पोल में हिस्सा लेकर खबर पर अपनी राय दे सकते हैं।
अब जब पीड़िता ने 22 साल के शिवम पर शादी करने का दबाव बनाया तो पटना में रजिस्ट्रार के यहां जाकर आवेदन भी दिया। 12 अप्रैल को तारीख थी। कोर्ट मैरिज के दो दिन पहले उसके बॉयफ्रेंड ने घर पर आकर कहा कि अगर शादी करना चाहती हो तो 10 लाख रुपए दहेज दो। तभी शादी करेंगे। जब पीड़ित ने मिन्नत की तो गाली गलौज कर उसे धमकी दी और वहां से चला गया। इसके बाद छात्रा उसके घर गई। वहां उसके परिजन से गुहार लगाई। लेकिन, उन लोगों ने उसकी एक कमरे में ले जाकर पिटाई कर दी। उसने आरोप लगाया कि बॉयफ्रेंड के परिजन ने उसे आग लगाकर जला देने और गायब करने की धमकी दी। वह निराश मन से वहां से लौट आई।
पुलिस ने भी नहीं की कार्रवाई
जब कहीं से उसे कोई रास्ता नजर नहीं आया तो वह महिला थाने में अपनी मां के साथ शिकायत दर्ज कराने गई। लेकिन, पुलिस वालों ने भी उसकी फरियाद नहीं सुनी। उसे टरका दिया गया। दो दिन तक वह थाना का चक्कर काटती रही। पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह SSP से मिलने पहुंची। ऑफिस में आवेदन दिया और कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। SSP ने थाने को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
कोचिंग में मिले थे दोनों
छात्रा ने बताया कि वह कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान शिवम से हुई थी। फिर दोनों में बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे प्यार हो गया। शिवम उसके घर भी आने-जाने लगा था। दोनों के रिश्ते के बारे में छात्रा की मां को भी पता था। लड़की ने शादी करने की बात भी अपनी मां को बताई थी। इस बीच शिवम ने उसके साथ रिलेशन बनाने की बात कही। पर छात्रा ने ये कहते हुए मना कर दिया कि जब तक शादी नहीं करोगे। रिलेशन नहीं बनाऊंगी।
फिर शादी करने की खाई कसम
लड़के ने उसका विश्वास जितने के लिए शादी करने की झूठी कसम खा ली। फिर भी वह तैयार नहीं हुई तो उसे घुमाने के लिए पटना ले गया। वहीं पर एक होटल में उसके साथ जबरन संबंध भी बनाया। फिर कहा कि वह शादी करेगा। छात्रा उसके झांसे में आ गई। वो उसके साथ एक साल से संबंध बनाता रहा। लेकिन, जब शादी करने की बारी आई तो दहेज में 10 लाख का डिमांड कर पल्ला झाड़ लिया। अब पीड़िता दर-दर भटकने को मजबूर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.