कोरोना टीकाकरण की बढ़ेगी रफ्तार:जिले में टीके की कमी फिलहाल दूर कोविशील्ड का मिला 35 हजार डोज

मुजफ्फरपुर2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सदर अस्पताल समेत कई केंद्रों पर बुधवार को कोरोना टीका नहीं दिया गया। इन केंद्रों पर टीका नहीं रहने का पोस्टर चस्पा दिया गया। हालांकि, कुछ दूसरे केंद्रों पर टीका दिया गया। लेकिन, कोवैक्सीन का दूसरा डोज ही दिया गया। सदर अस्पताल में बुधवार को टीका लेने आए लोग जब रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचे तो जानकारी मिली कि आज टीका नहीं लगेगा।

जब लोगों ने कहा कि केंद्र पर टीका तो दिया जा रहा है। तो उन्हें बताया गया कि कोवैक्सीन का दूसरा डोज दिया जा रहा है। इस बात पर लोग भड़क गए और बकझक करने लगे। इधर, चार दिनों बाद जिले को कोविशील्ड का 35 हजार डोज उपलब्ध कराया गया है। टीके की कमी के कारण पिछले चार दिन से कोरोना टीकाकरण बंद था। गुरुवार से टीकाकरण फिर शुरू हो जाएगा। इससे पहले जिले को कोवैक्सीन का 11 हजार डोज मिला था। सिविल सर्जन विनय कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यालय से कोविशील्ड का डोज उपलब्ध कराया गया है। इसे पहले व दूसरे डोज में इस्तेमाल किया जाएगा।

वहीं, कोवैक्सीन के डोज को दूसरे डोज के लिए रखा गया है। इसके अलावा वैशाली को 22 हजार डोज, शिवहर को 4 हजार डोज, सीतामढ़ी को 22 हजार डोज, पश्चिमी, चंपारण को 30 हजार डोज, पूर्वी चंपारण को 25 हजार डोज, दरभंगा को 30 हजार डोज, मधुबनी को 30 हजार डोज, समस्तीपुर जिले को 30 हजार डोज उपलब्ध कराया गया है।

लंबे समय से सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त 4 डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति को रद्द कर मूल स्थान पर भेजा गया

सदर अस्पताल में ही लंबे समय से प्रतिनियुक्त 4 डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति सीएस ने तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। उन्हें 24 घंटे में मूल स्थापना वाले स्थान पर योगदान देने का निर्देश दिया है। बताया जाता है कि सदर अस्पताल में पर्याप्त संख्या में नियमित चिकित्सकों की पदस्थापना के बाद सिविल सर्जन ने यह कार्रवाई की है।

सिविल सर्जन डॉ. विनय कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. नवीन कुमार को मुशहरी पीएससी के जमालाबाद एपीएचसी, डॉ. मधुरेंद्र कुमार गुप्ता को जमालाबाद एपीएचसी, डॉ. अनिल कुमार सिंह को सकरा पीएचसी और डॉ. अभिषेक तिवारी को बंदरा पीएचसी में सरकार द्वारा मूल रूप से पदस्थापित किया गया था। लेकिन सदर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए तत्कालीन सिविल सर्जन ने इन चारों चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सदर अस्पताल में की थी। अब सदर अस्पताल में सृजित पद से अधिक नियमित चिकित्सक की पदस्थापना हो गई है। ऐसे में उक्त चारों चिकित्सकों को उनके मूल पदस्थापन वाले स्थान पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जिले में 30 केंद्रों पर 3054 लोगों को लगाया गया कोरोना टीका

जिले में बुधवार को कुल 30 केंद्रों पर 3054 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। वैक्सीन लगवानेवालों में एक भी फ्रंटलाइन और हेल्थ वर्कर नहीं थे। इनके अलावा 18 से 44 आयु वर्ग वाले 1754 लोगों ने वैक्सीन का पहला डोज और 132 लोगों ने दूसरा डोज लिया। जबकि 45-59 आयु वर्ग में 536 लोगों ने पहला व 314 लोगों ने दूसरा डोज लिया। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 221 लोगों ने पहला व 88 लोगों ने दूसरा डोज लिया। गुरुवार को शहरी क्षेत्र के 104 केंद्रों और सभी पीएचसी मुख्यालय में कोरोना टीका लगेगा।