भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के बैनर तले चल रही 15 दिवसीय ऑनलाइन शतरंज प्रतियोगिता के क्षेत्रीय स्तर के अंतिम जोन मुकेश पासवान जोन की प्रतियोगिता में भागलपुर व खगड़िया जिला का दबदबा रहा। भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बिहार के ऑनलाइन गेम्स प्रदेश संयोजक व 15 दिवसीय ऑनलाइन शतरंज प्रतियोगिता के संयोजक अभिषेक सोनू ने बताया कि शतरंज प्रतियोगिता के क्षेत्रीय चरण के जोन 6- मुकेश पासवान जोन में भागलपुर, बेगूसराय, वैशाली, खगड़िया, लखीसराय, समस्तीपुर और मूंगेर जिला से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इसमें शीर्ष 10 का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। प्रतियोगिता में भागलपुर व खगड़िया के ज्यादातर खिलाड़ियों का दबदबा रहा। लेकिन तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए वैशाली व बेगुसराय के खिलाड़ियों ने भी कामयाबी हासिल की। अभिषेक सोनू ने बताया कि क्षेत्रीय चरण के 6 जोन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी है। क्षेत्रीय चरण में अबतक सूबे के सभी 38 जिलों से चयनित खिलाड़ियों में से 60 पुरूष खिलाड़ियों व 15 महिला खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि महिला खिलाड़ियों को सीधा प्रवेश दिया जा रहा है। अतः महिला खिलाड़ियों में बढ़ोत्तरी संभव हैं। 26 जनवरी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। जिसमें से शीर्ष 10 पुरूष व शीर्ष 5 महिला खिलाड़ी को कोरोना के उपरांत सम्मानित किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पश्चिम चंपारण सांसद डॉ संजय जायसवाल, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा व विशिष्ट अतिथि के रूप में ऑल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार व संयुक्त सचिव हिमांशु कुमार सम्मिलित होंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.