मुजफ्फरपुर में दहेज के 2 लाख रुपए नहीं देने पर एक पति ने अपनी पत्नी और 2 बच्चों की हत्या कर दी। हत्या के बाद तीनों के चेहरे को तेजाब से जलाया गया है। महिला के परिवार का आरोप है कि वो अक्सर 2 लाख रुपए के लिए परेशान करता था। मारपीट भी करता था। गुस्से में आकर उसने तीनों की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाल दिया।
तीनों के शव शुक्रवार को गायघाट स्थित बागमती नदी के बगल में एक गड्ढे में मिले थे। तीनों शवों की पहचान हो गई है। एक महिला है और दो उसके बच्चे हैं। मृत महिला की पहचान गायघाट की नीतू कुमारी (28), उसका बेटा सुजीत (06), और बेटी गंगा कुमारी (04) के रूप में हुई है।
महिला के मायके वालों ने पति दीपक साह समेत अन्य ससुराल वालों पर हत्या कर लाश को फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। मृत महिला की मां का कहना है की दो लाख रुपए दहेज की मांग दामाद द्वारा किया जा रहा था। नहीं देने के कारण बेटी और नाती और नतनी की हत्या की गई है। उन्होंने बच्चों को तेजाब से भी जला देने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
मंगलवार से थी लापता
मृत महिला के मामा राजेंद्र साह ने बताया की वह अपने बच्चों संग मंगलवार से ही लापता थी। मायके वालों ने जब उसके ससुराल वालों से पूछा तो बताया की वह जालंधर गई है। वहां पहुंचने से एक स्टेशन पहले ही ट्रेन से उतर गई। वे लोग भी उसे खोज रहे हैं। बताया की नीतू का पति दीपक पहले जालंधर में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। इधर कुछ दिनों से गांव में रहता था। अक्सर दहेज के लिए नीतू को मारता पीटता था।
गांव पहुंचे तब मिली जानकारी
परिजन का कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ पिछले मंगलवार से गायब थी। लेकिन, ससुराल वालों ने ये बात उनसे छिपाई। शुक्रवार को जब वे लोग गांव पहुंचे तो ससुर झग्गू साह से मुलाकात हुई। उन्होंने भी झूठी कहानी सुनाई। कहा कि नीतू जालंधर गई है। इसी बीच तीन लाश मिलने की खबर गांव में पहुंचीं। वे लोग नदी के समीप गए तो पाया की नीतू और उसके बच्चों की लाश हैं। इसी बीच सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस कर रही छापेमारी
SSP जयंतकांत ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है। आरोपी फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी को लेकर थानेदार को निर्देश दिया गया है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असल कारण सामने आयेगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.