सीतामढ़ी के सोनबरसा में पंचायत समिति सदस्य गुड़िया देवी के पति देवेंद्र ठाकुर को गोली लगी है। जख्मी देवेंद्र ठाकुर को शहर के निजी क्लीनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हालांकि यह गोली कैसे लगी, अब तक साफ नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार पंसस पति देवेंद्र ठाकुर सोनबरसा BDO ओम प्रकाश के आवास पर गए थे। वहां सोनबरसा थाने के एएसआई रविंद्र कुमार भी मौजूद थे। एएसआई के सरकारी पिस्टल से चली गोली देवेंद्र ठाकुर को लगी है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कहा जा रहा है कि पुलिस मामले को दबाने में लगी हुई थी। घायल पंसस पति का चोरी-छुपे इलाज कराया जा रहा था। परिजन भी खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।
निजी नर्सिंग होम के डॉक्टर शिवम कुमार ने बताया कि मेरे यहां देवेंद्र ठाकुर नाम के युवक का इलाज चल रहा है। उनके पेट के बाएं साइड में गोली लगी है। वहीं सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय ने बताया कि मामला अभी संज्ञान में आया है। घटनास्थल पर जा रहा हूं। इसके बाद बताऊंगा।
इधर घटना के बाद से सोनबरसा BDO के आवासीय परिसर में ताला लगा हुआ है। फोन से बात करने पर उन्होंने बताया कि मैं सरकारी काम से भूतही आया हूं। पहुंचने के बाद जानकारी मिलेगी।
BDO ओमप्रकाश वही हैं, जिनका पंचायत चुनाव के दौरान चर्चित पूर्व मुखिया ऋतु जायसवाल के पति अरुण कुमार से विवाद हुआ था। इसके बाद चुनाव आयोग ने उनपर कार्रवाई भी की थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.