- Hindi News
- Local
- Bihar
- Nalanda
- Biharsharif Masterplan 2047 Roadmap | Urban Development & Infrastructure
बिहारशरीफ मास्टरप्लान- 2047; सिटी पार्क, बायोडायवर्सिटी पार्क से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स:14 विकास योजनाओं का रोडमैप तैयार, एजेंसियां भी तय; पीपीपी, डीबीओटी मॉडल पर काम होगा
- कॉपी लिंक

साल 2047 तक बिहारशरीफ के सुनियोजित, आधुनिक और समग्र विकास के लिए तैयार किए जा रहे जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की कार्यान्वयन रणनीति सामने आ गई है।
दस्तावेज के तहत शहर की बुनियादी सुविधाओं, औद्योगिक विस्तार, परिवहन, आवास, पर्यावरण और पर्यटन से जुड़े कुल 14 प्रमुख विकास प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए भूमि की व्यवस्था, कार्यान्वयन एजेंसी, राज्य व केंद्र सरकार के फंडिंग स्रोतों तथा निर्माण मॉडल (ईपीसी, पीपीपी, बीओटी आदि) का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है।
सड़क, रिवरफ्रंट और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मास्टर प्लान के तहत शहर में रिंग रोड, बाईपास और प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण, लैंड पूलिंग और सरकारी भूमि का उपयोग किया जाएगा। इसका क्रियान्वयन पथ निर्माण विभाग, विकास प्राधिकार और नगर निगम की ओर से ईपीसी, बीओटी, एचएएम और पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा, जिसमें एनएचएआई और केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि से भी सहयोग मिलेगा।
वहीं, औद्योगिक क्षेत्र और औद्योगिक एस्टेट विकसित करने का जिम्मा बियाडा और उद्योग विभाग को सौंपा गया है, जिसे निजी निवेश, एफडीआई और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर योजनाओं से गति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, अतिक्रमण हटाकर और सिंचाई विभाग व सरकारी भूमि के उपयोग से रिवरफ्रंट डेवलपमेंट किया जाएगा, जिसके लिए विश्व बैंक, एडीबी और पर्यटन सहायता योजनाओं से फंड जुटाने की योजना है।

आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक परिवहन हब का होगा निर्माण
शहरी आबादी की जरूरतों को देखते हुए किफायती आवास के लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड और नगर निगम मिलकर काम करेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना और निजी डेवलपर्स की भागीदारी होगी। शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूलों और संस्थानों के लिए आरक्षित संस्थागत भूमि का उपयोग कर समग्र शिक्षा और सीएसआर फंड से निर्माण होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं और नए अस्पतालों का विस्तार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राज्य स्वास्थ्य बजट और निजी अस्पतालों के सहयोग से पीपीपी और ईपीसी मॉडल पर किया जाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए नए बस टर्मिनल और आईएसबीटी का निर्माण परिवहन विभाग व नगर निगम द्वारा पीपीपी व बीओटी मॉडल पर प्रस्तावित है।

स्वच्छता, पेयजल, हरित क्षेत्र और पर्यटन के लिए विशेष कार्ययोजना
शहर में सीवरेज सिस्टम और एसटीपी के साथ-साथ वाटर सप्लाई सिस्टम व वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण बुडको, पीएचईडी और नगर निगम द्वारा अमृत और जल जीवन मिशन के तहत ईपीसी मॉडल पर किया जाएगा। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए स्वच्छ भारत मिशन और वेस्ट-टू-एनर्जी निवेशकों की मदद से पीपीपी व डीबीओटी मॉडल पर काम होगा।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सिटी पार्क, अर्बन फॉरेस्ट, बायोडायवर्सिटी पार्क और ग्रीन बफर जोन विकसित करने में वन विभाग, नगर निगम और कैंपा व नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की अहम भूमिका होगी। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल विभाग द्वारा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व स्टेडियम बनाए जाएंगे।
वहीं, बिहारशरीफ की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को संवारने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा केंद्र सरकार की 'प्रसाद' और 'स्वदेश दर्शन' योजनाओं तथा पीपीपी मॉडल के माध्यम से पर्यटन विकास को नया आयाम दिया जाएगा।






















