राजगीर थाना क्षेत्र के चंडीमौ गांव में बुधवार को ईंट भट्ठा की बाहरी दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। जबकि, मलबे में दबकर किशोरी समेत दो लोग जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राजगीर एसडीएम, बीडीओ, थानाध्यक्ष समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
बाबा ईंट भट्ठा पर आज दर्जनों मजदूर ईंट बनाने का काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक भट्ठा की दीवार गिर गई। मलबे में दबने से नवादा जिला के हिसुआ थाना क्षेत्र के चन्द्रशेखर नगर निवासी रामजी मांझी की (22) वर्षीय पत्नी सोनी देवी की मौत हो गई। जबकि, 17 वर्षीया पुट्टी कुमारी समेत दो मजदूर जख्मी हो गए। जख्मी को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घटना से मजदूरों में दहशत देखा जा रहा है। करीब 300 मजदूर यहां काम करते हैं।
राजगीर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम, बीडीओ पहुंचकर जाँच में जुट गए हैं। ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटाकर लोगों को निकाला गया। एक महिला की मौत हुई है। जबकि, दो जख्मी हैं। जिनका इलाज कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस शव के पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.