पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के कई किस्से सामने आए हैं। अजीबोगरीब वादे तक किए गए हैं। ऐसा ही एक मामला मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड की शुभंकरपुर पंचायत का सामने आया है। यहां एक महिला मुखिया प्रत्याशी मिथिलेश देवी ने जनता के नाम शपथ पत्र बनवा दिया है। इसमें 7 वादे किए गए हैं। कहा है- 'अगर चुनाव जीतने के बाद अपने वादे पर खरी नहीं उतरी तो जनता हमारी सम्पत्ति जब्त करने की हकदार होगी।'
बता दें कि मड़वन प्रखंड में 29 सितंबर यानी दूसरे चरण में चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले मुखिया प्रत्याशी का यह शपथ पत्र चर्चा का विषय बना है। पति संजीव झा ने मीडिया के सामने आकर इसकी पुष्टि भी की है। उन्होंने कहा- 'जो वादे किए गए हैं उसमें अधिकांश में तो योजनाएं हैं। इनका इस्तेमाल सही तरीके से करने की जरूरत है। कुछ ऐसे भी वादे हैं, जिसमें व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता है। इसे चुनाव जीतने के बाद पूरा करेंगे।'
मुफ्त भोजनालय चलाने का वादा
शपथ पत्र में 7 वादे हैं। इसमें लिखा है- 'चुनाव जीतने के बाद पहली प्राथमिकता होगी कि पंचायत में कोई भूखा नहीं रहे। इसके लिए मुफ्त भोजनालय चलाया जाएगा। दूसरा, सिर्फ एक कॉल करने पर जनता को एम्बुलेंस और मुफ्त इलाज की व्यवस्था होगी। तीसरा, मुखिया बनने के बाद सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की व्यवस्था बेहतर होगी।'
बेरोजगारी की समस्या दूर करेंगी
चौथा वादा बेरोजगारी से जुड़ा है। लिखा है कि चुनाव जीतने के बाद बेरोजगारी की समस्या दूर करने के लिए नई योजनाएं शुरू करेंगी। 5 वां वादा है कि जनता को पंचायत की योजनाओं की शत प्रतिशत सुविधा उपलब्ध कराएंगी। छठा, पंचायत में हर समय अग्निशमन की व्यवस्था होगी, ताकि अगलगी होने पर तुरन्त अग्निशमन वाहन पहुंच सके। सातवां और अंतिम वादा है, पंचायत के गरीब बच्चों को हर तरह की शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराएंगी।
चल अचल सम्पत्ति जब्त कर सकती जनता
शपथ पत्र के नीचे स्पष्ट रूप से लिखा है- 'अगर इकरारनामा के अनुसार वादों पर खरी नहीं उतरती हूं तो जनता हमारे खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है। चल-अचल संपत्ति जब्त भी कर सकती है।' इस पर मुखिया प्रत्याशी मिथिलेश देवी, पति संजीव झा और परिजन आनन्द कुमार झा का हस्ताक्षर भी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.