बिहार में वैक्सीनेशन के पात्र (18+) 99% लोगों ने पहली डोज ले ली है। अब 100% वैक्सीनेशन जद्दोजहद जारी है। शहर से लेकर गांव तक वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 10 करोड़ वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बन गया है। अब 100% लोगों को पहली डोज लगाने के लिए बिहार तैयार है। कोरोना काल में वैक्सीन की ताकत दिखी है, अब 1% लोगों को वैक्सीन देकर रिकॉर्ड बना दिया जाएगा।
सोमवार सुबह 11 बजे तक 20,127 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया है। सोमवार को कुल 9,487 सेशन साइट पर कोरोना का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इसमें 9,482 सरकारी और 5 प्राइवेट सेशन साइट पर कोरोना का टीका राज्य में लगाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का कहना है कि वैक्सीनेशन में तेजी लाने को लेकर हर स्तर पर तैयारी की गई है। गांव से लेकर शहर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों में भी 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों का वैक्सीनेशन कराया जा रहा है और इस बीच प्रिकॉशन डोज भी बढ़ाया जा रहा है। वैक्सीनेशन में 6 माह में 6 करोड़ का टारगेट था, लेकिन बिहार ने 10 करोड़ का रिकॉर्ड बनाया, अब 100% वैक्सीनेशन भी रिकॉर्ड की कतार में है।
पुरुषों से अधिक महिलाओं ने दिखाया जज्बा
बिहार में वैक्सीनेशन के मामले में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं का जज्बा अधिक दिखा है। बिहार में कुल वैक्सीनेशन 10,99,07,253 लोगों का हुआ है। इसमें पुरुषों की संख्या 5,36,36,706 है, जबकि महिलाओं की संख्या 5,58,72,592 है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वैक्सीनेशन में महिलाएं हमेशा आगे रह रही हैं। यह पुरुषों के लिए मॉडल बन गई हैं।
18 से 44 वालों ने तोड़ा बिहार में वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड
बिहार में वैक्सीनेशन की रफ्तार 18 प्लस वालों ने ही बढ़ाई है। 16 जनवरी 2021 को जब वैक्सीनेशन का शुभारंभ हुआ तो सबसे पहले हेल्थ वर्क और फ्रंट लाइन वर्क के बाद 60 प्लस वाले बीमार लोगों को टीका लगाया गया। इस दौरान वैक्सीनेशन की रफ्तार बहुत तेज नहीं थी, लेकिन जब 18 से 44 वर्ष के लोगों के वैक्सीनेशन की बारी आई तो रिकॉर्ड टूट गया। इस उम्र के अब तक 6,75,16,072 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया है। संक्रमण के बढ़ते मामले के बाद भी वैक्सीनेशन के आंकड़ों में बहुत कमी नहीं आई है, जिससे लोगों को काफी राहत है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.