- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bihar Doctor Kidnap Case | DSP Son Conspiracy & CM Nitish Kumar Rescue
बिहार फाइल्सऑडी कार में डॉक्टर और उनकी पत्नी का अपहरण:दिनदहाड़े नीली बत्ती की गाड़ी से उठाया, DSP के बेटे की साजिश, कैसे नीतीश कुमार ने छुड़ाया
- कॉपी लिंक

सायरन बजाती नीली बत्ती लगी दो कारें काली ऑडी में सवार डॉक्टर पंकज गुप्ता और उनकी पत्नी शुभ्रा के आगे पीछे लगीं। डॉक्टर को कार रोकनी पड़ी। तभी आगे की कार से पुलिस की वर्दी पहने लोग उतरकर डॉक्टर के पास पहुंचे।
पुलिस को देख डॉक्टर ने शीशा नीचे किया। पुलिस ऑफिसर की वर्दी पहने व्यक्ति ने कहा, ‘डॉक्टर साहब आपकी जान खतरे में है। हथियारबंद लोग पीछे पड़े हैं। हमारे साथ चलिए। कार हमें ड्राइव करने दीजिए।’
अचानक पुलिस के जवानों के आने और जान का खतरा होने की बात सुन डॉक्टर ने ड्राइविंग सीट छोड़ दी। वर्दी पहने एक जवान ने ऑडी की स्टेयरिंग थाम ली।
बिहार फाइल्स में आज पढ़िए, गया के फेमस डॉक्टर पंकज गुप्ता और उनकी पत्नी शुभ्रा गुप्ता के अपहरण की 11 साल पुरानी कहानी।

तारीख : 1 मई 2015 (शुक्रवार)
जगह: जीटी रोड, बाराचट्टी - डोभी के बीच, गया
टाइम : दोपहर करीब 2:30 बजे
गया में उस दिन गर्मी अपने पूरे जोर पर थी। डॉ. पंकज गुप्ता और उनकी पत्नी शुभ्रा गुप्ता गिरिडीह से लौट रहे थे। डॉक्टर अपनी काली ऑडी ड्राइव कर रहे थे। बगल की सीट पर शुभ्रा बैठी थीं।
जीटी रोड पर गिरिडीह से गया आते वक्त बाराचट्टी पड़ता है, फिर डोभी। बाराचट्टी से थोड़ा आगे और डोभी से थोड़ा पहले, अचानक पीछे से एक सफेद रंग की पजेरो आकर ऑडी के आगे लग गई। पीछे से एक फॉर्च्यूनर आकर सट गई। इन दोनों के बीच डॉक्टर की ऑडी फंस गई। पजेरो और फॉर्च्यूनर पर नीली बत्ती लगी थी।
गाड़ियों में सवार लोग खाकी वर्दी में थे। आगे की गाड़ी से अचानक लोग उतरे। देखने में एकदम पुलिस जैसे थे। किसी ने हाथ देते हुए डॉक्टर को कहा... गाड़ी रोको। डॉक्टर ने गाड़ी रोक दी।
गया में पुलिस को कौन टोकता है? बस, यहीं खेल हो गया। वर्दी वाले लोगों ने डॉक्टर दंपती को ऑडी समेत अपने कब्जे में ले लिया। ऑडी पर लालबत्ती लगा दी गई। अब तीनों गाड़ियां वीआईपी काफिले जैसा दिखने लगीं।


आगे-पीछे नीली बत्ती की गाड़ी और बीच में ऑडी कार। तीनों लग्जरी गाड़ी। इसे देख किसी को भी अपहरण का एहसास नहीं हुआ। लोगों को लगा कि ये VIP काफिला है। यही कारण है कि टोल प्लाजा पर लोगों ने देखा भी तो किसी ने नहीं रोका। क्योंकि, VIP गाड़ी को कौन रोकता है?
काफिला सासाराम की तरफ बढ़ गया था। 1 मई की शाम 3 बजे शिवाजी टोल प्लाजा पर सीसीटीवी में काफिला दिखा। ऑडी बीच में थी। फिर शाम 4 बजे मोहनिया टोल प्लाजा पर फुटेज में वही गाड़ियां दिखी। सभी गाड़ियां VIP गेट से पार हुईं। बगैर टॉल टैक्स दिए।
करीब एक घंटे बाद शाम 5 बजे सभी गाड़ियों ने बनारस टोल प्लाजा पार किया था। यही आखिरी बार था जब डॉक्टर की ऑडी कार दिखी थी। इसके बाद ऑडी कहीं नहीं दिखी। जैसे जमीन खा गई या आसमान निगल गया हो।
डॉक्टर ने घरवालों के फोन कॉल का जवाब नहीं दिया तो परिवार के लोगों के हाथ-पैर फूल गए। रात तक जब कोई खबर नहीं आई, तब गया पुलिस को सूचना दी गई।
पहले पुलिस को लगा शायद कोई छोटा-मोटा मामला होगा। जब पता चला कि ऑडी समेत दंपती गायब हैं, तब समझ में आया कि ये छोटा मामला नहीं है।

डेट- 3 मई 2015 (रविवार)
तीन दिन बीत गए थे। कोई फोन नहीं। कोई फिरौती की पर्ची नहीं। कोई सुराग नहीं था। गया में डॉक्टरों का गुस्सा फट पड़ा था। उस वक्त IMA के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह थे।
उन्होंने साफ अल्टीमेटम दिया कि 72 घंटे में डॉक्टर और उनकी पत्नी को मुक्त नहीं कराया गया तो इलाज बंद कर देंगे। उसके बाद भासा ने 4 मई को आपात बैठक बुलाई।
उस वक्त बिहार में महागठबंधन की सरकार थी। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे। पीके ठाकुर DGP थे। गया की इस वारदात को लेकर नीतीश ने DGP को बुलाया। बंद कमरे में दोनों के बीच क्या बात हुई बाहर किसी को पता नहीं चला। बाहर आते ही डीजीपी ने कहा, ‘डॉक्टर को हर हाल में वापस लाना है।’

जंगल में CRPF ने चलाया था सर्च ऑपरेशन
उस वक्त IPS एके अम्बेडकर गया के जोनल IG, IPS विनय कुमार CID के IG, IPS पीके श्रीवास्तव मगध रेंज के DIG, IPS पी कन्नन गया के SSP और IPS राकेश सिटी एसपी थे।
सभी पुलिस अधिकारी डॉक्टर और उनकी पत्नी की तलाश में जुटे थे। गया पुलिस ने एक SIT भी बनाई थी, जिसे सिटी एसपी लीड कर रहे थे। बड़ा सवाल था कि अपहरण किसने किया?
अपराधियों के साथ-साथ शक की सुई नक्सलियों पर भी घूम रही थी। इस कारण बरामदगी के लिए CRPF की टीम को भी लगाया गया। उनकी टीम ने बिहार-झारखंड बॉर्डर के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। CID की टीम को बंगाल, झारखंड, यूपी, छत्तीसगढ़ भेजा गया।
पुलिस के सामने एक ही सवाल था- डॉक्टर को उठाया किसने?
जिस तरीके से डॉक्टर को अगवा किया गया उसे देखकर पुलिस को लग रहा था कि काम अपराधियों के छोटे गिरोह का नहीं है। वर्दी पहनना, काफिला बनाना, टोल पर वीआईपी गेट से निकलना, ये सब प्रोफेशनल लोगों के काम हैं।
पुलिस को यकीन था कि बिना लोकल इनफॉर्मर के यह नहीं हो सकता। किसी को पता था कि डॉक्टर किस दिन, किस टाइम, किस गाड़ी से लौटेंगे।

डेट- 4 मई 2015 (सोमवार)
सुबह में ही नीतीश कुमार बोधगया पहुंचे। हेलीपैड पर डॉक्टर के परिजनों से मिले। IMA और चैम्बर ऑफ कॉमर्स के लोग भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं खुद मॉनिटरिंग कर रहा हूं। ये मेरे लिए चुनौती है।’
दूसरी ओर गया में पुलिस टोल प्लाजा के फुटेज खंगाल रही थी। SIT ने शेरघाटी से 4, गया शहर से 2 और टिटला धर्मशाला इलाके से 1 संदिग्ध को उठाया। टिटला धर्मशाला से पकड़ा गया अपराधी कुछ दिन पहले ही एक व्यवसायी के अपहरण केस में जेल से छूटा था। एक-एक कर पुलिस ने सभी से पूछताछ की।
उसी दिन शाम में गया शहर में एक बात बहुत तेजी से फैली कि डॉक्टर और उनकी पत्नी को छोड़ने के नाम पर अपराधियों ने 15 करोड़ की फिरौती परिवार से मांगी है।
हालांकि, SSP ने फिरौती मांग जाने की बात को बकवास बताकर खारिज किया था। डॉक्टर के भाई नीरज गुप्ता ने भी कहा था कि फिरौती के लिए कोई मैसेज या कॉल नहीं आया है।
पुलिस के टेक्निकल सेल ने डेढ़ लाख डंप डाटा निकाले। करीब 1000 नंबर संदिग्ध लगे थे। नकली सिमों की भरमार थी।
इसी दिन एक और तमाशा हुआ। स्वास्थ्य मंत्री रामधनी सिंह से पत्रकारों ने पूछा तो वो बोल गए- ‘अगर दंपती एकसाथ हैं तो उन्हें वियोग नहीं होगा।’
बात बिगड़ी तो मंत्री ने माफी मांगी। बोले- ‘अगर किसी को दुख पहुंचा है तो माफ कर दीजिए।’

पुलिस को अपराधियों का कोई क्लू नहीं मिल रहा था। इसके चलते पुलिस ने हाल में हुए अपहरण की कुछ पुरानी फाइलों को खोला।
इसमें जनवरी 2015 में बाराचट्टी से ही भाजपा नेता गोपाल नारायण सिंह के रिश्तेदार राजीव रंजन के अपहरण की फाइल थी। उनके साथ दो मित्र भी थे। इस घटना में भी फॉर्च्यूनर कार का इस्तेमाल हुआ था। राजीव तो छूट गए, लेकिन फॉर्च्यूनर कार अपहर्ताओं के पास रह गई थी।
पुलिस अधिकारियों के मन में सवाल उठा कि कहीं उसी फॉर्च्यूनर कार से अपराधियों ने डॉक्टर को तो नहीं उठा लिया?
इसके बाद SIT ने झारखंड के हजारीबाग के सीमेंट कारोबारी अनिल अग्रवाल और कोयला कारोबारी धनंजय कुमार सिंह के अपहरण के तरीके को खंगाला। सभी के अपहरण का एक ही तरीका मिला।
इसके बाद SIT के सामने अपहरण की वारदातों को हाई प्रोफाइल तरीके से अंजाम देने वाले कुख्यात अपराधी अजय सिंह का नाम आया।
कौन है अजय सिंह?
अजय सिंह कई बड़े बिजनेस मैन का अपहरण करने वाले गिरोह का सरगना था। वह बिहार में ही औरंगाबाद जिले के रफीगंज के गोठानी गांव का रहने वाला है। पिता मंगल सिंह बिहार पुलिस में डीएसपी थे। इसके चचेरा ससुर IG थे।
पिता की पोस्टिंग के समय अजय गया में रहता था। गया की हर गली और इलाके से वाकिफ था। 1989 में चतरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुका था। रफीगंज से विधानसभा सभा चुनाव लड़ा था।
2014 में एक आपराधिक मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए पटना के रुकनपुरा इलाके में डेढ़ महीने तक रेलवे के एक कर्मचारी के घर में छिपकर रहा था। जब पुलिस को भनक लगी तो भाग गया था।
पुलिस को शक था कि अजय जयपुर जेल में बंद एक अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना से जुड़ा है। वह पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था।

डेट- 5 मई, 2015 (मंगलवार)
मंगलवार को पुलिस को पक्की खबर मिली कि अजय गिरोह लखनऊ के किसी अपार्टमेंट में छिपा है। लखनऊ में सैकड़ों अपार्टमेंट और हजारों फ्लैट हैं।
दो दिन तक पुलिस वाले प्रॉपर्टी डीलर बनकर घूमते रहे। फ्लैट देखने के बहाने। किराया पूछने के बहाने। हर अपार्टमेंट में एक ही सवाल...यहां कोई ऐसा फ्लैट है जहां सिर्फ लड़के रहते हैं?
फ्लैट-फ्लैट घूम रही बिहार पुलिस की टीम लखनऊ के गोमती नगर के शारदा अपार्टमेंट के पास पहुंची तो गेट पर एक ऑडी खड़ी दिखी। वह डॉक्टर की ही काली ऑडी थी। पुलिस की नजर ठहर गई।
जांच में पता चला कि अजय ने नरेश के नाम से 12 हजार रुपए महीना किराये पर फ्लैट नंबर 906 लिया था। फिर देर रात 11:30 बजे घेराबंदी हुई। बिहार और यूपी की STF ने 300 फ्लैट वाले शारदा अपार्टमेंट को घेर लिया था। कोई हड़बड़ी नहीं। कोई सायरन नहीं। सभी पुलिस वाले सादी वर्दी में थे। क्योंकि, एक गोली भी चलती तो डॉक्टर दंपती की जान जा सकती थी।
लग गई थी अजय को भनक
पुलिस के मूवमेंट की भनक अजय और उसके 8 साथियों को लग गई थी, जिसके बाद सभी अलग-अलग फ्लैटों में छिप गए। पुलिस ने एक-एक फ्लैट की तलाशी शुरू की।
आधी रात तक 9 लोग पकड़ में आ गए थे। जिसमें अजय सिंह, अमित सिंह, विजय कुमार, मृत्युंजय कुमार, सुनील कुमार, श्रवण कुमार (सब औरंगाबाद के), अनिल सिंह और बीजू कुमार (रोहतास के) थे।
उनके पास से डॉक्टर की ऑडी, लाल, पीली, नीली बत्ती, जज की गाड़ी की नंबर प्लेट, गवर्नर का लोगो और कई हथियार बरामद हुए थे।

डेट- 6 मई, 2015 (बुधवार)
बुधवार सुबह खबर आई कि डॉक्टर दंपती छूट गए हैं। लेकिन कैसे छूटे? इस पर आज भी तीन कहानियां हैं।
1- परिजनों ने कहा था कि कानपुर के पास छोड़ा गया, ट्रेन से लौटे।
2- डॉ. गुप्ता ने बताया था कि डेहरी ऑन सोन में ट्रेन पर चढ़े।
3- पुलिस ने कहा था कि लखनऊ में अपार्टमेंट से निकलते वक्त हमने फॉर्च्यूनर देखा, लेकिन रोका नहीं। रोकते तो एनकाउंटर हो जाता। दो तरफ से गोली चलती तो डॉक्टर दंपती मारे जाते। इसलिए हम पीछे हट गए। अपहर्ताओं ने उन्हें ट्रेन में बैठाया।
दूसरी तरफ सुरक्षित लौटने के बाद डॉ. गुप्ता ने फिरौती देने की बात से इनकार किया। बताया था कि अपराधियों ने कहा, पत्नी के कारण आपको छोड़ रहे हैं। हम महिलाओं का अपहरण नहीं करते।

6 मई की दोपहर 2 बजे पहुंचे थे गया
बुधवार दोपहर को 2 बजे के करीब डॉक्टर दंपती सुरक्षित गया पहुंचे थे। परिजन उन्हें सीधे शुभ्रा गुप्ता के पिता के घर ले गए। वहां बंद कमरे में डीआईजी और एसएसपी मनु महाराज ने उनसे पूछताछ की थी।
दरअसल, इस केस के दरम्यान ही सरकार ने बिहार में कुछ IPS अफसरों का ट्रांसफर किया था। IPS मनु महाराज को गया का SSP बनाया था। घर के बाहर मीडिया खड़ी थी। डॉक्टर ने सिर्फ इतना कहा था कि हम सुरक्षित हैं।
उसी शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यूपी के सीएम अखिलेश यादव को फोन कर धन्यवाद दिया था। मीडिया से कहा था कि अपराधियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार नीतीश ने डॉक्टर की बरामदगी को लेकर पहले अखिलेश से बात की थी। UP पुलिस का सपोर्ट मांगा था।






















