मंगलवार को डाकबंगला से लेकर विधानसभा में हुए बवाल में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में विधानसभा से सीधा PMCH पहुंचे दो माननीय में से एक की हालत ठीक नहीं है, उन्हें मेडिकल ICU में भर्ती किया गया है, जबकि एक अन्य विधायक को सर्जिकल इमरजेंसी से MLA वार्ड में शिफ्ट किया गया है। डाकबंगला में घायल एक मीडियाकर्मी को लगातार चक्कर आने की शिकायत पर बुधवार को PMCH ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने MRI कराया। अब तक PMCH में लगभग डेढ़ दर्जन लोगों का इलाज हुआ है, जिनमें दो को छोड़ सभी का परीक्षण OPD में किया गया। अब इसमें पुलिस केस किया जा रहा है। घटना के बाद दैनिक भास्कर बताने जा रहा है कि घायलों का 24 घंटे बाद क्या है हाल।
विधायक सुरेंद्र राम मेडिकल ICU में भर्ती
विधायक सुरेंद्र राम को विधानसभा में हुए बवाल में काफी चोट आई थी। वहां से उन्हें सीधा PMCH ले जाया गया था। पटना मेडिकल कॉलेज में पहले उन्हें सर्जिकल इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, लेकिन सिर में चोट के कारण मेडिकल ऑब्जर्वेशन के लिए बुधवार को मेडिकल ICU में शिफ्ट कर दिया गया है। इमरजेंसी के इंचार्ज डॉ अभिजीत कुमार का कहना है कि हालत में सुधार है, लेकिन निगरानी के लिए उन्हें ICU में रखा गया है।
विधानसभा से MLA वार्ड पहुंचे सतीश दास
विधानसभा में बवाल के दौरान घायल हुए विधायक सतीश दास को मंगलवार को पटना मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। 24 घंटे तक उन्हें सर्जिकल इमरजेंसी में रखा गया था इसके बाद बुधवार को MLA वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि वह खतरे से बाहर हैं। जांच और उपचार में कहीं कोई गंभीर मामला नहीं आया है। ऐसे में उन्हें MLA वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। वहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
मीडियाकर्मी को लगातार चक्कर की शिकायत, इमरजेंसी में MRI
पटना के मीडिया कर्मी नीरज त्रिपाठी डाकबंगला चौराहे पर बवाल में हुई पत्थरबाजी में घायल हो गए थे। सिर में पत्थर लगने के कारण गंभीर स्थिति हो गई थी। मंगलवार की रात से ही उन्हें चक्कर आ रहा था। बुधवार को साथी मीडिया कर्मियों ने उन्हें इमरजेंसी में PMCH पहुंचाया, जहां उनका MRI कराया गया। डॉक्टरों ने बताया MRI में कोई गंभीर मामला नहीं दिख रहा है। ऐसे में उन्हें दवाएं दी गई हैं। नीरज त्रिपाठी का कहना है कि घटना के बाद से ही उन्हें चक्कर जैसा लग रहा है। डाकबंगला और विधानसभा में कई मीडिया कर्मियों को चोट आई थी। चोट का असर दूसरे दिन भी काफी रहा। मीडिया कर्मी सुमन केशव सिंह, अमित कुमार, रवि एस नारायण को घटना के दूसरे दिन चोट का असर अधिक रहा। उनका कहना है कि जहां चोट आई थी, वहां घटना के दूसरे दिन काफी परेशानी हो रही थी। दर्द के कारण उन्हें काम करने में काफी समस्या हुई।
बवाल में मनमानी करने वालों कसेगा शिकंजा
बवाल करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसेगा। PMCH में जो भी मामले गए हैं, उनमें पुलिस केस किया गया है। पुलिस अब इस मामले में कार्रवाई करेगी। संबंधित थाने में सभी मामलों की इंट्री की जाएगी। पटना मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी इंचार्ज डॉ अभिजीत कुमार का कहना है कि OPD में कुल 16 से 17 मामले आए हैं। दो को भर्ती करना पड़ा है। किसी की हालत गंभीर नहीं है। घायलों में सभी खतरे से बाहर हैं।
घायल होने के बाद से हैं घर
विधानसभा में हुई घटना में घायल विधायक संतोष मिश्रा इलाज के बाद घर पर हैं। घायल विधायक सत्येंद्र यादव भी इलाज के बाद घर पर हैं। नोखा की विधायक अनीता देवी के पैर में मोच आ गई थी। मंगलवार को इलाज के बाद वह घर पर हैं। इसके अलावा अन्य घायल विधायक भी घर पर हैं। पटना में उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी से दी गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.