मुजफ्फरपुर जिले के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के दामूचक से अपहृत आठवीं के छात्र समीर कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। वह एक सप्ताह पूर्व कोचिंग जाने के लिए निकला था। लेकिन, अबतक लौट कर नहीं आया। परिजन ने FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर रखी है। दामुचक में लगे एक CCTV कैमरे को खंगाला गया। इसमें दिखा की छात्र अपने कमरे से कोचिंग जाने के लिए निकला था। लेकिन, कोचिंग नहीं पहुंचा।
इससे स्पष्ट होता है कि बीच रास्ते से उसका अपहरण कर लिया गया। इसको लेकर परिजन के मन में अनहोनी की चिंता सता रही है। पुलिस का कहना है कि परिजन की ओर से जिन लोगों पर संदेह जताया गया है। उन सभी के मोबाइल नंबर का डिटेल्स निकाला जा रहा है। मगर अब तक की जांच में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलने से पुलिस गुत्थी सुलझाने में उलझी है।
अपहरण के बाद मनाया जश्न
इधर, छात्र के पिता अमरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। समीर के अपहरण के बाद उनलोगों ने जश्न मनाया था। इसकी खबर उन्हें मिली थी। तब सन्देह पक्का हो गया कि उनलोगों ने समीर का अपहरण किया है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उन सभी लोगों से पूछताछ करने की कवायद में जुट गई है।
SSP से लगाई गुहार
एक सप्ताह बाद भी पुलिस जब समीर का पता नहीं लगा सकी तो परिजन काफी निराश हो गए। उन्होंने SSP से मिलकर त्वरित कार्रवाई की मांग की और बताया कि थाना स्तर से किस प्रकार की शिथिलता बरती जा रही है। इसपर SSP जयंत कांत ने थानेदार और केस के IO को फटकार भी लगाई। तब जाकर फुटेज खंगाला गया।
दादा के साथ रहता है समीर
समीर मूल रूप से वैशाली जिला के बेदौलिया का निवासी है। वह अपने दादा के साथ दामुचक मे पढाई करने के लिए रहता है। बीते शुक्रवार को कटही पुल स्थित कोचिंग के लिए साइकिल से निकला था। मगर शाम तक वह घर नहीं लौटा। जबकि अन्य दिनों शाम छह बजे तक वह घर लौट जाता था। उसके घर नहीं आने के बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई। इसमें पता चला कि वह काेचिंग नहीं गया था। उसके दोस्तों से भी पूछताछ की गई। पर किसी ने जानकारी नहीं दी। इसके बाद परिजन चिंतित हो गए। थाना में जाकर FIR दर्ज कराया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.