मुंगेर से सांसद ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पुराने नेताओं का जनता दल यूनाईटेड (JDU) में आने का सिलसिला शुरू हो गया है। भगवान सिंह कुशवाहा के बाद शुक्रवार को पूर्व मंत्री मुनेश्वर चौधरी भी साथ आ गए। उन्होंने JDU कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी की सदस्यता ली। चौधरी RJD से 5 बार विधायक रह चुके हैं। वहीं, पूर्व MLC राजेश राम भी कांग्रेस छोड़ JDU में शामिल हो गए। राजेश राम पूर्व सांसद पूर्णमासी राम के भाई हैं और चंपारण की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
RJD शासन में मंत्री रहे मुनेश्वर चौधरी पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने की वजह से पार्टी छोड़कर पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी में चले गए थे। उन्होंने कहा- 'नीतीश कुमार के काम से 2005 से ही प्रभावित हैं और 2015 में नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में मंत्री बनने का मौका भी मिला था। RJD में लंबे समय तक सेवा की, लेकिन पार्टी ने महत्व नहीं समझा। अब RJD पहले वाली पार्टी नहीं रही, इसलिए छोड़ रहा हूं। JDU में ही रहकर पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।'
पूर्व MLC राजेश राम ने कहा- 'नीतीश कुमार विकास की बात करते हैं तो उसे निभाते भी हैं। दूसरी पार्टियां सिर्फ राजनीति करती हैं। विकास से उनका कोई मतलब नहीं है। बिहार में हुए विकास कार्य से प्रभावित होकर ही आज JDU में शामिल होने का फैसला लिया है।' मंच पर मौजूद शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, संजय सिंह सहित तमाम नेताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा- 'हमलोग पार्टी की तरफ से दोनों का स्वागत करते हैं। हमें पूरा भरोसा है कि इन दोनों के पार्टी में शामिल होने से JDU और मजबूत होगी। आने वाले समय में दोनों के साथ मिलकर हम जनता की और बेहतर ढंग से सेवा कर सकेंगे'।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.