बिहार में लॉकडाउन का असर दिखने लगा है। प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। कोरोना पॉजिटिव के नए केस हर दिन मिल तो रहे हैं, लेकिन पहले की तुलना में काफी कम हैं। पिछले 24 घंटे में 1475 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। इसमें राजधानी का आंकड़ा भी शामिल है। पटना में 161 पॉजिटिव मामले मिले हैं। लगातार दूसरे दिन पटना में कोरोना के नए मामले 200 के अंदर मिले हैं।
एक्टिव केसों की संख्या में भी कमी
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1 लाख 494 लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल कलेक्ट किए गए थे। एक्टिव केसों की संख्या में भी काफी कमी आई है। वर्तमान में राज्य के अंदर 18,377 एक्टिव केस हैं। इसमें सबसे अधिक 2,415 एक्टिव केस पटना जिले में है। जबकि, 1,061 एक्टिव केस बेगूसराय जिले में है। जहां तक कोरोना से बीमार लोगों के रिकवरी के ग्रोथ रेट की बात है तो इसके प्रतिशत में भी बढ़ोतरी हुई है।
रविवार को इतने लोगों को दी गई वैक्सीन
रिकवरी ग्रोथ 96.29 से बढ़कर अब 96.67 प्रतिशत हो गई है। अब तक कुल 6 लाख 82 हजार 166 बीमार लोग ठीक हो चुके हैं। जहां तक वैक्सीनेशन की बात है तो रविवार को राज्य में कुल 31 हजार 318 लोगों काे पहली डोज दी गई। जबकि, दूसरे चरण के लिए 4 हजार 730 लोगों को वैक्सीन दी गई। अब तक पूरे राज्य में एक करोड़ तीन लाख 77 हजार 674 लोगों को पहले चरण की वैक्सीन दी जा चुकी है। वहीं, 19 लाख 81 हजार 197 लोगों को दूसरे चरण की वैक्सीन की डोज अब तक दी गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.