लॉकडाउन में पुलिस की कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बावजूद राजधानी के दानापुर इलाके में अपराधियों का तांडव जारी है। रविवार को अपराधियों ने प्रदेश जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ट के सचिव मो. अरशद हुसैन को गोली मार दी है। घटना उस वक्त हुई, जब शगुना छोटी हवेली इलाके के रहने वाले मो. अरशद बड़ी हवले इलाके में हो रही शादी वाले घर जा रहे थे। पैदल जाने के दौरान यह वारदात हुई। पहले से घात लगाए अपराधी अचानक से उनके सामने आए और बैक टू बैक फायरिंग शुरू कर दी।
बेटे ने क्या कहा
बेटे मो. इमरान हुसैन के अनुसार उन्हें चार गोली लगी है। जो हाथ, चेस्ट और पेट में मारी गई है। वारदात स्थल के पास शफीक नाम के व्यक्ति के घर में जाकर उन्होंने अपनी जान बचाई है। यह वारदात दानापुर के बड़ी हवेली इलाके में पुल मोड़ के पास हुई है। बेटे का कहना है कि गोली मारने वाला अपराधी भी वारदात स्थल के पास वाले इलाके का रहने वाला है। इनके उपर तीन महीने पहले भी जानलेवा हमला हुआ था। वारदात को 4 से 5 अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया।
पहले भी हुआ है विवाद
मो. अरशद हुसैन को गंभीर हालत में शगुना मोड़ के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट कराया गया है। बड़े भाई के अनुसार शरीर में कुल 4 गोली लगी है। इसमें एक गोली लगी और तीन गोली अभी भी फंसी हुई है। गोली मारने वाले अपराधी कार से आए थे। 24 फरवरी को पहले विशाल, पंचम, विक्की, संटू राय और विधान से पहले मारपीट हुई थी। उस केस में विधान जेल में है। बाकी लोग बाहर थे। उन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। इनके खिलाफ दानापुर थाना में 154/21 पैर में गोली मारने का केस दर्ज है। आरोपियों ने भी काउंटर केस कर रखा है। वारदात की जानकारी मिलते ही दानापुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच की गई। फिलहाल पुलिस इस मामले में अभी कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। लॉकडाउन में दानापुर इलाके में गोलीबारी की वारदात लगातार हो रही है। इससे पहले शाहपुर इलाके में वार्ड पार्षद समेत दो लोगों को गोली मारी गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.