जनसंख्या नियंत्रण कानून पर बिहार के सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय धर्मसंकट में हैं। इस कानून पर BJP और JDU की अलग-अलग राय है। आज मंगल पांडेय को विधानसभा में इस कानून पर जवाब देना है। दरअसल, BJP विधायक विजय खेमका की तरफ से जनसंख्या नियंत्रण को लेकर पिछले दिनों जो ध्यानाकर्षण सूचना लाया गया था। उस पर सरकार का जवाब अब तक नहीं आया है।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या जनसंख्या नियंत्रण पर नीतीश सरकार सदन में अपना रुख स्पष्ट करेगी? BJP विधायक विजय कुमार खेमका, अवधेश सिंह समेत अन्य विधायकों की तरफ से जनसंख्या नियंत्रण नीति तय करने के संबंध में सरकार से जवाब की मांग की गई है।
स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में आज सरकार की तरफ से जवाब देना है और स्वास्थ्य विभाग के मंत्री मंगल पांडेय BJP कोटे है। उनके सामने धर्मसंकट की स्थिति होगी। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर BJP और JDU का स्टैंड अलग-अलग है। BJP जहां इसके लिए कानून बनाने की जरूरत बता रही है तो वहीं JDU का कहना है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून की बजाय जनजागरण का रास्ता अपनाना चाहिए। दोनों सहयोगी दलों में पेंच फंसता दिख रहा है।
26 से चल रहा बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र आज खत्म हो जाएगा। आज इसका अंतिम दिन है। बिहार विधानसभा और विधान परिषद में सत्र के आखिरी दिन आज कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य निपटाए जाएंगे। विधानसभा में आज विधायकों की तरफ से गैर सरकारी संकल्प का दिन रखा गया है।
सत्र के अंतिम दिन सरकार की तरफ से आज कई ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर सदन में जवाब भी आना है। कई ध्यानाकर्षण सूचनाओं का जवाब सरकार टाल जाती है, ऐसे में आज सभी ध्यानाकर्षण सवालों का जवाब दिया जाएगा।
अंतिम दिन विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे शुरू होगी। सबसे पहले प्रश्नोत्तर काल की कार्यवाही होगी। सरकार अल्प सूचित और तारांकित प्रश्नों पर जवाब देगी। इसके बाद शून्यकाल की कार्यवाही होगी। शून्यकाल के बाद सदन में अब तक स्थगित ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर सरकार का आज जवाब आएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.