मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी जयंती के मौके पर गांधी मैदान में गांधी की ऊंची मूर्ति पर नमन करने पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी आदि भी मौजूद रहे। इस अवसर पर नीतीश कुमार ने कहा कि गांधी जी की बात मानकर ही हमलोग जीवन में चल रहे हैं। हमलोग सब दिन यहां आते हैं। एक्सपर्ट से बात कर बापू की मूर्ति हमलोगों ने गांधी मैदान में बनवाई। बच्चा-बच्ची को यहां गांधी जी आशीर्वाद दे रहे हैं।
11 अक्टूबर को फिर से बिहार आ रहे अमित शाह
भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के गृह मंत्री अमित शाह 11 अक्टूबर को जेपी की जन्मस्थली सिताब दियारा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आ रहे हैं। इससे जुड़े सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा कि सभी को कहीं भी जाने का अधिकार है। जो आना चाहता है, उसमें क्या कीजिएगा। जेपी की जो जगह है, उसके बारे में पता कर लीजिए। हम लोगों ने बढ़िया से बनवाया है। जेपी को सम्मान दे ही रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 दिनों के अंदर दूसरी बार बिहार यात्रा पर आ रहे हैं। अमित शाह 11 अक्टूबर को छपरा आएंगे। वे वहां जेपी जयंती समारोह में शिरकत करेंगे और एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अमित शाह की हो रही बिहार यात्राओं को 2014 लोक सभा की चुनावी रणनीति से जोड़ कर देखा जा रहा है।
बिहार में जदयू से गठबंधन टूटने के बाद अमित शाह का फोकस बिहार पर है। इससे पहले 23 और 24 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर अमित शाह सीमांचल पहुंचे थे और जनसभा को संबोधित किया था। जानकारी है कि अमित शाह छपरा, सीवान और गोपालगंज के किसानों को संबोधित करेंगे।
पीके की जन- सुराज यात्रा पर कहा - उनकी अपनी इच्छा
प्रशांत किशोर की जन- सुराज यात्रा पर नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी अपनी इच्छा है। बता दें कि चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अलग राह पकड़ ली है। उन्होंने गाधी जयंती के दिन से चंपारण से जनसुराज यात्रा शुरु किया है। अगले 12-15 महीनों में बिहार के गांव और शहरों में करीब 3500 किमी की यात्रा करेंगे। कुछ दिनों पहले जब पवन वर्मा के साथ प्रशांत किशोर, नीतीश कुमार से मिलने गए थे उस समय कई तरह के सवाल उठे थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.