• Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • RJD Again Raised The Demand For Expansion Of Party Office, Last Year Also Jagdanand Singh Wrote A Letter To The CM, BJP Said – Not The Office, The Idea Has To Be Changed

RJD ने फिर उठायी पार्टी कार्यालय के एक्सपेंशन की मांग:पिछले साल भी जगदानंद सिंह ने लिखा था CM को पत्र, BJP बोली- ऑफिस नहीं, विचार बदलना होगा

पटना10 महीने पहलेलेखक: प्रणय प्रियंवद
  • कॉपी लिंक
राजद कार्यालय। - Dainik Bhaskar
राजद कार्यालय।

लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का मुख्य कार्यालय पटना के वीरचंद पटेल पथ पर है। राजद कार्यालय पहले की तरह नहीं रहा, इसमें कई बदलाव प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की वजह से हुआ है। लेकिन जगह की कमी हो गई है। लगभग एक साल पहले जगदानंद सिंह ने NDA सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिख कर राजद कार्यालय के लिए बड़ी जगह देने की मांग की थी।

अब महागठबंधन की सरकार है और तब के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नई सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं। ऐसे में एक बार फिर से राजद के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष तनवीर हसन ने यह मांग उठायी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा आवास बड़ा करने से या कार्यालय बड़ा करने से कोई बड़ा नहीं हो जाता। इसके लिए विचार बदलना होगा।

राजद कार्यालय का विस्तार के साथ मॉडिफिकेशन भी किया जाए
तनवीर हसन ने भास्कर से बात करते हुए कहा कि जितना वर्ग फीट में हमारा कार्यालय है वह काफी कम है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने पहले भी डिमांड किया था , राजद कार्यालय के अगल- बगल एक्सपेंशन की सुविधा दी जाए। वह मांग हम फिर से कर रहे हैं। जदयू और भाजपा का दफ्तर बड़ा है। बड़े घनत्व में है। राजद का दफ्तर भी उस अनुसार होना चाहिए। उन्होंने राजद कार्यालय के मॉडिफिकेशन की मांग भी की है।

राजद अभी भी संख्या बल के हिसाब से सबसे बड़ी पार्टी
बता दें कि राजद कार्यालय का बड़ा हिस्सा खपड़ैल से निर्मित है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने एक साल पहले मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में 'न्याय के सिद्धांत' का सवाल उठाया था और 14 हजार वर्ग फीट जमीन राजद को देने की मांग की थी। इससे पहले उन्होंने संबंधित विभाग को भी पत्र लिखा था। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में यह तो लिखा ही था कि उनकी पार्टी विधायकों की संख्या बल के हिसाब से बड़ी है।

जगदानंद सिंह ने यह भी बताया था कि JDU को 66000 वर्ग फीट, BJP को 52000 वर्ग फीट और RJD को 19842 वर्ग फीट जमीन दी गई है। अब नई सरकार बनने के बाद इस असमान वितरण को दूर करने की मांग तनवीर हसन ने की है। बता दें कि अभी भी राजद सबसे बड़ी पार्टी है। राजद के पास 79, भाजपा के पास 77 और जदयू के पास 45 विधायक हैं।

जगदानंद सिंह ने तब जदयू के कार्यालय से इस तरह से तुलना की थी
जगदानंद सिंह ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री से कहा था कि बिहार सरकार ने जेडीयू के कार्यालय विस्तार के लिए विधायकों के 24 आवासीय फ्लैटों को केवल तोड़कर ही विस्तार की अनुमति नहीं दी बल्कि उस पर करोड़ों रुपए से अधिक खर्च कर शानदार सभाकक्ष भी बना दिया गया। सार्वजनिक सड़क को भी परिसर की घेराबंदी में लेकर मिलर स्कूल तक विस्तार दे दिया गया है।

जेडीयू में सार्वजनिक धन से दो मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा। इसी तरह राजद कार्यालय के लिए बगल की जमीन 13797 वर्ग फीट है, वह दे दी जाए। इस जमीन को देने के बाद भी राजद के पास सिर्फ 33642 वर्ग फीट की जमीन उपलब्ध होगी, जो जेडीयू परिसर का 50% और भाजपा परिसर का 67% ही होगा।

ऑफिस बड़ा करने से नहीं बल्कि विचार बदलना होगा राजद को-भाजपा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा आवास बड़ा करने से या कार्यालय बड़ा करने से कोई बड़ा नहीं हो जाता। इसके लिए विचार बदलना होगा। राजद को अपने विचार में बदलाव करना चाहिए। राजद का नाम आते ही लोगों को जंगलराज याद आ जाता है। एक बार फिर से राजद शासनकाल में लोग घरों से निकलने में डरने लगे हैं।

खबरें और भी हैं...