दशहरे के मौके पर राजद को महाभारत युद्ध याद आ रहा है। इससे जुड़ा एक पोस्टर पटना के राजद कार्यालय के बाहर लगाया गया है। पोस्टर में लालू प्रसाद को विष्णु अवतार में दिखाया गया है। लालू प्रसाद के अगल-बगल भाजपा विरोधी दलों के तमाम नेताओं के सिर हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, मुलायम सिंह यादव, शिबू सोरेन, सीताराम येचुरी जैसे कई नेता मुकुट पहन भगवान के अवतार में हैं। राजद महिला प्रकोष्ठ की महासचिव पूनम राय ने ये पोस्टर लगवाया है।
दशहरा के अवसर पर राजनीति के ये चेहरे आसमान से युद्ध को देख रहे हैं। महाभारत युद्ध में पांडवों को ताकत दे रहे हैं। भाजपा विरोधी पार्टियों के इन्हीं नेताओं के बारे में राजद के उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने कहा था कि इन्हें एकजुट करना तराजू पर मेढ़क तौलने के समान है। दिलचस्प यह कि राजद की इस नेत्री ने सारथी के रूप में कृष्ण की जगह उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को दिखाया है और अर्जुन की जगह तीर चलाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को।
याद है न मिशन 2024, हस्तिनापुर, नई दिल्ली महाविजय !
पोस्टर में सारथी उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि 'लालटेन की रोशनी में एक-एक तीर सही निशाने पर लगाएं पार्थ! याद है न मिशन 2024, हस्तिनापुर, नई दिल्ली महाविजय ! घबराईए नहीं, पार्थ, आपके साथ पहले के चक्रधारी और अब के लालटेनधारी जो हैं।'
इस पोस्टर में राजद के उस नेता का फोटो ही नहीं है जो महाभारत युद्ध को हमेशा याद करते रहे हैं और खुद को कृष्ण और तेजस्वी को अर्जुन बताते रहे हैं। हम बात कर रहे हैं वन पर्यावरण मंत्री तेजप्रताप यादव की। पोस्टर में किनारे की तरफ नरेन्द्र मोदी और अमित शाह का फोटो है। मोदी पर लिखा है- अहंकार का प्रतीक और अमित शाह पर लिखा है- अधर्म का प्रतीक।
बिहार की जनता को अपमानित किया जा रहा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि चारा खाने वाले भ्रष्टाचारी लालू प्रसाद को देवता के रूप में दिखाया है। जबकि, बिहार को लोग उनको कंस के रूप में देखते हैं। उनके शासनकाल में हजारों की संख्या में हत्या हुई, नरसंहार हुए, अपरहण हुए। बिहार की जनता त्राहिमाम कर रही थी।
ऐसे पोस्टर को देख कर देवताओं को भी शर्मा आ रही है। दूसरी तरफ नरेन्द्र मोदी की पॉपुलिरिटी दुनिया भर में दिख रही है। पीएम नरेन्द्र मोदी के बारे में गलत-सलत लिख कर ये राजद के लोग बिहार की जनता को भी अपमानित कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.