मधेपुरा के सिंहेश्वर से राजद विधायक चंद्रहास चौपाल ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को चौंका दिया। चंद्रहास आज भाजपा की ओर से आयोजित ध्वजारोहण समारोह में पहुंच गए। भाजपा जिलाध्यक्ष स्वदेश कुमार ने यहां तिरंगा फहराया। राजद विधायक चंद्रहास चौपाल यहां पुराने साथियों से मिले। बस फिर क्या था। भाजपा के कार्यक्रम में राजद विधायक के पहुंचने का वीडियो वायरल होने लगा। इसके बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जब इस संबंध में विधायक चंद्रहास चौपाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है। मैं पास से ही गुजर रहा था, तो कुछ पुराने राजनीतिक साथी मिल गए। तिरंगे का सम्मान करना भारत के हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। पुराने साथियों के बुलाने पर मैं वहां चला गया। उन्होंने कहा कि मधेपुरा जिला में राजद परिवार एकजुट है।
विधानसभा चुनाव से पहले राजद में चले गए थे
आपको बता दें कि सालों तक भाजपा में रहे चंद्रहास चौपाल विधानसभा चुनाव 2020 से पहले राजद में चले गए थे। इसके बाद जब उन्हें राजद से टिकट मिला, तो उन्होंने SC-ST कल्याण मंत्री और जदयू के विधायक डॉ. रमेश ऋषिदेव को हरा दिया।
पहले भी दिखा चुके हैं भाजपा प्रेम
इससे पहले भी चंद्रहास चुनाव जीतने के बाद पटना आ रहे भाजपा नेता और राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट से जुड़े कामेश्वर चौपाल को रिसीव करने के लिए पटना एयरपोर्ट पर चले गए थे। जिससे वो बिहार की राजनीति में चर्चा में आए थे। दूसरी बार भाजपा से निकटता दिखाने पर एक बार फिर से विधायक जी चर्चा में बने हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.