RJD में चल रहे अंतर्कलह के बीच भास्कर ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता से लेकर बाकी सभी से बात की। सबकी जुबान एकदम सधी हुई है। बातचीत में एक बात कॉमन है- ऑल इज वेल। मानो, पार्टी सुप्रीमो ने निर्देश जारी कर दिया है कि कितना भी बवाल क्यों न हो, इसी मंत्र का जाप करते रहना है। 'हिटलर' से लेकर 'हू इज तेज प्रताप' तक पर पार्टी प्रवक्ता एक सुर में 'सब अच्छा है' बोल रहे हैं।
मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेन्द्र ने कहा- 'पार्टी में सबकुछ ठीक-ठाक है, एकदम ऑल इज वेल है। कोई विवाद नहीं है। सब ठीक हो जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दायरे में सारी बातें है। वह सब ठीक कर देंगे। किसी को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।'
शक्ति यादव कहते हैं- 'कहीं कोई प्रकरण नहीं है। लोकतांत्रिक पार्टी है, उनकी अपनी अभिव्यक्ति है। तेजप्रताप जी बड़े भाई हैं। किसी को चिंता करने की बात नहीं है। ऑल इज वेल है।' शक्ति यादव लगे हाथ जेडीयू पर बोलने लगते हैं। कहते हैं- 'जेडीयू में कितना बवाल मचा हुआ है, वह तो देखिए। जातीय जगनणना पर आरसीपी सिंह अलग चाल चल रहे हैं। उपेन्द्र कुशवाहा और ललन सिंह के बीच क्या चल रहा है? नीतीश कुमार का क्या भाजपा ने करके रखा हुआ है?'
RJD प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता चित्तरंजन गगन कहते हैं- 'लोकतांत्रिक पार्टी है। विचार की मतभिन्नता है। पार्टी में कहीं कोई बवाल नहीं है। ऑल इज वेल है।' वह बोलते-बोलते भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी को निशाने पर लेने लगते हैं। कहते हैं- 'सुशील मोदी को दूध की मक्खी की तरह भाजपा ने निकाल फेंका है। केन्द्र में मंत्री बनाते समय भी नोटिस नहीं लिया गया।'
राष्ट्रीय अध्यक्ष की नजर सभी पर
RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी कहते हैं- 'एकदम ऑल इज वेल है। घर का मामला है। समय आने पर सब ठीक हो जाएगा। कोई चिंता की बात नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की नजर सब पर है। सवाल उठाने वाले अपना घर देखें।'
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.