बिहार विधान सभा और विधान परिषद में होली की छुट्टी है। लेकिन यहां से निकले विवाद को लेकर दो ऐसी महिलाएं सोशल मीडिया पर लड़ रही हैं, जो किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। बिहार विधान परिषद में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने बीच में टोका तो राबड़ी देवी ने उन्हें दलाल कह कर संबोधित किया। बाद में इसका जवाब देते हुए अशोक चौधरी ने राबड़ी देवी को अज्ञानी कह दिया। अब इसी बात पर लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्य भड़की हुई हैं। दूसरी तरफ जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने रोहिणी आचार्य का मुंह नोच लेने की धमकी दी है।
सबसे पहले, रोहिणी ने क्या कहा
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर कहा है, 'पलटू राम की दलाली का फर्ज अदा कर रहा है, इसलिए महिला का भी अपमान करके विधानसभा वाला मामला दबाने का साजिश कर रहा है।' उन्होंने आगे पूछा है कि 'अपनी बीवी को क्या बोलेगा जो पढ़ लिखकर बैंक घोटाला करती है। आज जो सदन में खड़ा होकर बोल रहा है। लालू जी की कृपा से ही अपनी आवाज बुलंद कर रहा है, फिर भी बेशर्मी देखें इसकी।' एक अन्य पोस्ट में रोहिणी ने कहा है, 'दो अक्षर पढ़ क्या लिया, खुद को कालिदास का अवतार मान बैठा। दुर्योधन के भांति पूरे सदन में महिला का अपमान करके अपने आप को पढ़ा लिखा बता रहा है बेशर्म।'
रोहिणी को ऐसे मिला दीपा से जवाब
दूसरी तरफ अशोक चौधरी के पक्ष में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा संतोष उतर गई हैं। दीपा मांझी ने रोहिणी आचार्य को मुंह नोच लेने की धमकी दी है। कहा है 'का हो सिंगापुरिया कभी दलित को चोर बोलती हो, कभी दलाल बोलती हो, सुधरोगे कि नहीं, मने जो मन आएगा वह बोलोगी और हम दलित सब चुप बैठेंगे? यह जंगलराज नहीं है जब तुम लोग दलित नरसंहार कराकर चारा का दलाली खाते थे। अब दलितों को कोई अपमानित करेगा तो उसका मुंह भकोर लिया जाएगा समझी कि नहीं!'
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.