राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय के सभागार में राजद के विधायकों, विधान पार्षदों, पूर्व विधायकों, पूर्व विधान पार्षदों और पूर्व प्रत्याशियों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह की अध्यक्षता में की गई। बैठक का संचालन प्रदेश प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने किया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की उपस्थिति सबसे खास रही। तेजस्वी ने कहा कि गैर जरूरी मुद्दों पर पार्टी को नहीं जाना है और सदस्यता अभियान पर ईमानदारी से फोकस करना है।
एक करोड़ का लक्ष्य
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद अपने सदस्यता अभियान के लक्ष्य एक करोड़ की संख्या को पूरा करने के लिए संकल्पित है और सदस्य बनाने का कार्यक्रम निरंतर चल रहा है। लेकिन सिर्फ सदस्यता के समय या तचुनाव के समय जागने से काम नहीं चलेगा। इसके लिए हमेशा एकरूपता के साथ काम करनी होगी।
ए टू जेड को अभियान से जोड़ने के लिए सभी से संवाद बनाना होगा
तेजस्वी ने कहा कि लालू प्रसाद के विचारों से सभी लोग जुड़ना चाहते हैं और पार्टी के ए टू जेड के अभियान को जोड़ने के लिए सभी से संवाद बनाना होगा। इसके लिए सरजमीं पर काम करने की गंभीरता दिखानी होगी और जवाबदेही लेनी होगी। जो भी सदस्य बनें उन्हें इस बात का एहसास हो कि पार्टी के द्वारा उन्हें सम्मान दिया जा रहा है। प्रत्येक विधान सभा में 41152 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित है और प्रत्येक पंचायत में करीब 1200 सदस्य। सदस्यता और पार्टी के काम के प्रति सोच के साथ थोड़ी गंभीरता भी दिखानी होगी क्योंकि इस अभियान से ही पार्टी का चुनाव और आगे मजबूती के अभियान का जो संकल्प है उसे पूरा करने में सहायता मिलेगी।
सदस्यता अभियान को संवाद और व्यक्ति से जुड़ने का माध्यम बनाए
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान जन जोड़ो अभियान है। यही पार्टी का आधार है। एक नम्बर की पार्टी बनाने के लिए हम सभी को जिम्मेदारी से काम करना होगा और संगठन के साथ समन्वय बनाकर सदस्यता अभियान में सभी के साथ संवाद और व्यक्ति से जुड़ने का इसे माध्यम बनाना होगा। इस अवसर पर सांसद अहमद अशफाक करीम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, भोला यादव, पूर्व मंत्री अनीता देवी, पूर्व सांसद सुखदेव पासवान, मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेन्द्र, चितरंजन गगन, शक्ति सिंह यादव, रितु जायसवाल, एजाज अहमद, अख्तरूल इस्लाम शाहीन आदि खास रुप से मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.