मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र स्थित चिरैया बाजार के समीप सड़क हादसे में होमगार्ड जवान समेत दो की मौत हो गयी। घटना शुक्रवार की देर रात दो से तीन बजे के बीच की है। उस समय पारु थाना की पुलिस गश्त लगा रही थी। होमगार्ड जवान वाहन से उतरकर शौच कर रहे थे। तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दिया।
इससे वैन चालक का संतुलन बिगड़ा और वह पुलिस वाहन में टक्कर मारते हुए जवान को कुचलते हुए झोपड़ीनुमा दुकान में जा घुसी। जवान की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं, वैन मालिक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त
मृत जवान की पहचान पारु थाना के जयमल डुमरी के ब्रज किशोर सिंह (52) के रूप में हुई है। वहीं मृतक वैन मालिक की पहचान पटना सुल्तानगंज के फिरोज कुरैशी के रूप में हुई है। हादसे में दो पुलिसकर्मी भी ज़ख़्मी हो गए। पुलिस वाहन भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। दोंनो शवों का पोस्टमार्टम करने की कवायद की जा रही है। इसके बाद जवान को पुलिस लाइन और होमगार्ड कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
एक साप्ताह पूर्व दिया था योगदान
थाना के SI देवनन्दन प्रसाद ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व ही जवान ने पारु थाना में योगदान दिया था। रात को सभी लोग साथ मे गश्त लगा रहे थे। तभी ये दर्दनाक हादसा हुआ। इससे पूर्व ब्रजकिशोर सरैया थाना में तैनात थे।
बड़े भाई भी कांटी थाना में पोस्टेड
SKMCH पहुंचे मृत जवान के बड़े भाई सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि ब्रजकिशोर वर्ष 1988 से होमगार्ड में नौकरी कर रहे थे। जिले ले विभिन्न थाना में तैनाती ले बाद एक सप्ताह पूर्व ही वे पारु थाना में पोस्टेड हुए थे। उन्हें चार बेटे हैं। घटना के बाद से परिवार का हाल बेहाल है। मातम का माहौल पसरा हुआ है।
मुर्गी लेकर जा रहा था पटना
पिकअप चालक जड्डू राय ने बताया कि वैन मालिक मुर्गी का कोरोबार करते थे। रात को पारु से मुर्गी लोड कर पटना जा रहे थे। रास्ते मे पुलिस की गश्ती देखकर गाड़ी धीरे किया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। घटना के बाद ट्रक लेकर ड्राइवर फरार हो गया। वैन मालिक उस समय ठीक थे। वे पुलिस पदाधिकारियों से बात भी कर रहे थे। लेकिन, जब उनकी नज़र मृत जवान पर पड़ी तो वे डर गए। देखते-देखते उनकी हालत खराब हो गयी। आननफानन में अस्पताल लाया गया। जहां उनकी मौत हो गयी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.