भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के बभनगावां गांव में शनिवार की दोपहर वर्तमान मुखिया के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। फायरिंग के दौरान मुखिया के बाएं साइड पेट में तीन गोली मारी गई। साथ ही पेट व हाथ मे कई जगहों पर छर्रा भी लगा है। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
देर शाम को डॉक्टर ने बताया कि अमरावती देवी को दाहिने साइड में तीन गोली लगी थी। गोली लगने के कारण उनकी छोटी आंत तीन जगह डैमेज हो गई थी। उसे रिपेयर कर दिया गया है। ऑपरेशन कर बुलेट भी निकाल दिया गया है। अभी मरीज की हालत स्टेबल है। उन्हें कुछ दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।
जानकारी के अनुसार जख्मी महिला बड़हरा प्रखंड के पश्चिमी गुंडी पंचायत की वर्तमान मुखिया अमरावती देवी है। वह कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के बभनगावां गांव निवासी महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की पत्नी हैं। पति महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव ने बताया कि चुनाव को लेकर पूर्व से विवाद चला रहा है। आज दोपहर जब बच्चे रंग खेल रहे थे, तभी पूर्व मुखिया पति एवं गांव के ही दो व्यक्ति उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने और धमकाने लगे। गाली-गलौज की आवाज सुनकर जब अमरावती देवी दरवाजे पर आईं, तभी हथियारबंद लोगों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।
महेंद्र यादव ने पूर्व मुखिया पति अंशु उपाध्याय पर ललकारने एवं गांव के ही तेज प्रताप यादव एवं एक अन्य व्यक्ति पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर कृष्णागढ़ थाना इंचार्ज अरविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.