सिकरिया चौक पर रविवार की रात 10 बजे के करीब एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना रेफर किया गया। मृतक की पहचान फुलवारीशरीफ के मंझौली निवासी स्व बनवारी पासवान के पुत्र उमेश पासवान के रूप में हुई, जबकि दोनों युवकों में एक राकेश पासवान मृतक उमेश का साला है। दूसरा शैलेश पासवान उसका साढू है। पुलिस ने शव जब्त कर उसे पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहा था उमेश
मृतक उमेश पासवान के परिजनों ने बताया कि घर में बेटी की शादी थी। 3 फरवरी को तिलक व 9 फरवरी को बारात आनी थी। इसी को लेकर कार्ड बांटने उमेश बिक्रम गया था। रास्ते में लौटते वक्त ये हादसा हो गया। रात में उमेश के नंबर से पुलिस ने कॉल आया तो घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद देर रात तक हम घटनास्थल पर पहुंचे तब तक सबकुछ तबाह हो चुका था।
मातम में बदली शादी की खुशियां
सड़क दुर्घटना में उमेश की मौत से एक साथ कई घरों की खुशियां तबाह हो गईं। बताया जाता है कि उमेश की तीन बहनों में एक की शादी तय थी। शादी की सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। रविवार की रात आई उमेश के मौत की मनहूस खबर से घर में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.