बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र के बारुपुर गांव में एक कुएं से महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुएं में पड़े शव से तेज दुर्गंध निकल रही थी। इस वजह से पहले तो लोग पास नहीं जा रहे थे। लेकिन जैसे ही बात फैली, लोगों की भीड़ लग गई। बाद में जब शव निकाला गया तो उसकी पहचान हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि शव गांव की ही रीता देवी का है। 21 साल की रीता की शादी 11 माह पहले रामचंद्र साह के साथ हुई थी। दोनों एकदूसरे से प्रेम करते थे। रीता पास ही के गांव भरखरा में अपने मामा के यहां रहती थी।
इधर पति रामचंद्र साह ने बताया कि रीता देवी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। पिछले दो-तीन दिनों से गायब थी। उसने मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि पत्नी के गायब होने के बाद कई जगह खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। मंगलवार को उसका शव कुएं में मिला। इस मामले में खबर लिखे जाने तक रीता देवी के मायके वालों ने FIR दर्ज नहीं कराई है।
इससे पहले शव मिलने पर ग्रामीणों ने राजपुर थाना को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ही शव को कुएं से बाहर निकालवाया था। पहचान होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस बारे में राजपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस घटना को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हालांकि रीता देवी ने खुद कुएं में गिर आत्महत्या की या किसी ने हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया है, यह पोस्टमार्टम के बाद ही क्लियर हो पाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.