नालंदा के हिलसा में एक युवक की एसिड से जलाकर हत्या किए की घटना सामने आई है। मामला नदहा गांव का है। हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर पर भी हमला बोल दिया। जानकारी मिलने पर पहुंची हिलसा थाना की पुलिस टीम पर भी पथराव हुआ है। फिलहाल घटनास्थल रणक्षेत्र में बदल गया है।
बताया गया है कि 35 साल के वीरेश राम को एसिड से जलाया गया है। ग्रामीणों की मानें तो गांव के ही कुछ युवकों का यह काम है। आज शुक्रवार को कुछ लोग उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद तेजाब छिड़ककर जला डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। आक्रोशित ग्रामीण शव नहीं उठाने दे रहे हैं।
मामले में नालंदा के एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि मौके पर डीएसपी पहुंच रहे हैं। स्थिति को नियत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। वहीं हिलसा डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि शरीर का चमड़ा जला होने के कारण प्रथमदृष्टया एसिड डाला हुआ लग रहा है। हत्या कर शव को फेकें जाने से आक्रोशित होकर परिजनों ने आरोपी के घर पर हमला बोल दिया था। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुटी है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.