नालंदा के सिलाव थाना क्षेत्र के भूई मोड़ के पास शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी गेन्गू राजवंशी की पत्नी मोहनी देवी के रूप में की गई है। घटना इतनी वीभत्स थी कि तेज रफ्तार वाहन की टक्कर के बाद महिला का सिर धड़ से अलग हो गया।
मोहनी देवी सिलाव स्थित जीविका कार्यालय में झाड़ू पोछा का काम करती थी। कार्यालय बंद होने के बाद वह अपने गांव पैदल लौट रही थी। इसी दौरान भुई मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
सिलाव थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई। उन्होंने कहा कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाई की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.