दुर्गा पूजा पर राजधानी समेत पूरे बिहार में सुरक्षा-व्यवस्था के सख्त इंतजाम किए गए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने दावा किया है कि पूजा पंडाल से लेकर चौक-चाराहों और भीड़-भाड़ वाले तमाम जगहों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। महिला और लड़कियों की सुरक्षा की जाएगी। ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार के अनुसार इस बार पैरामिलिट्री फोर्स के 5 कंपनियों की तैनाती की गई है। जो पटना, भागलपुर, गया, नवादा और सिवान में मोर्चा संभालेंगी।
इसमें SSB और RAF के कंपनियां शामिल हैं। इनके साथ ही बिहार स्पेशल आर्म्ड फोर्स (BSAP) की 20 कंपनियों को तैनात किया गया है। दंगा किसी भी इलाके में दंगा जैसे हिंसात्मक वारदातें नहीं हों, इससे निपटने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर दंगा निरोधक 12 कंपनियों को लगाया गया है।ADG ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। क्योंकि, पूजा के दरम्यान पंडालों के अलावा बाजार, मेला और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाएं-लड़कियां घूमने जाती हैं।
उस दरम्यान महिलाएं सुरक्षित रहें, इसके लिए BSAP के साथ ही 1880 महिला जवानों की तैनाती की गई है। जगह-जगह पर चौकसी बरती जाए, इसलिए होमगार्ड के 4 हजार जवानों को भी सुरक्षा-व्यवस्था में इस बार लगाया गया है। 8896 नए व ट्रेंड सिपाहियों को भी चौकसी बरतने और नजर रखने के लिए ही प्रतिनियुक्त किया गया है।लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन रखने के लिए 2199 ट्रेनी सब इंस्पेक्टर को भी लगाया गया है। इनके साथ ही 33 ट्रेनी डीएसपी भी लगाए गए हैं।
बड़ी बात यह है कि सुरक्षा-व्यवस्था और लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए पटना पुलिस को 10 एक्स्ट्रा डीएसपी दिए गए हैं। हर पल पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट मोड में रखा गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.