चिराग-नीतीश की लड़ाई बिहार से बाहर भी पहुंची:नागालैंड में दिखेगी बिहार वाली रणनीति, BJP को पासवान देंगे वॉकओवर, JDU को घेरेंगे

पटना2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

लोजपा (रामविलास) और जदयू की राजनीतिक लड़ाई अब तक बिहार के अंदर चल रही थी, लेकिन अब इनके बीच की लड़ाई राज्य से बाहर भी आपको देखने को मिलेगी। इसकी पूरी पटकथा तैयार है। लड़ाई की जगह देश की पूर्वोत्तर के राज्यों में शामिल नागालैंड है। यहां 27 फरवरी को विधानसभा का चुनाव है।

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अलावा बिहार तीन प्रमुख राजनीतिक दल भी इस चुनावी मैदान में अपने उम्मीदवार उतार रहे हैं, जिसमें लोजपा (रामविलास), जदयू और राजद शामिल है। नागालैंड में अपनी जीत का परचम लहराने के लिए चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने बड़ी स्ट्रैटजी तैयार की है।

यह स्ट्रैटजी वैसे ही है जैसे बिहार में 2020 के विधानसभा चुनाव में जदयू को करारा नुकसान पहुंचाया था। इस बात की पुष्टि लोजपा (रामविलास) बिहार के प्रवक्ता प्रो. विनीत सिंह ने की है।

नागालैंड में अध्यक्ष को छोड़कर जदयू की कार्यसमिति के सभी सदस्यों को चिराग ने अपनी पार्टी में शामिल कराया।
नागालैंड में अध्यक्ष को छोड़कर जदयू की कार्यसमिति के सभी सदस्यों को चिराग ने अपनी पार्टी में शामिल कराया।

गठबंधन नहीं, फिर भी भाजपा का देंगे साथ

चिराग पासवान की पार्टी ने तय किया है कि नागालैंड में वो अकेले ही विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। किसी भी दूसरे राजनीतिक दल से वो गठबंधन नहीं करेगी। मगर, सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार भी नहीं उतारेगी। ऐसा इसलिए कि जदयू और राजद को रोकने के लिए चिराग पासवान ने भाजपा के साथ मिलकर अंदरूनी चाल चली है।

40 सीटों पर ही लोजपा (रामविलास) अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि बाकी के 20 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार होंगे। मतलब साफ है कि आधिकारिक तौर पर दोनों पार्टियों के बीच कोई गठबंधन नहीं हैं, लेकिन जदयू को रोकने के लिए स्ट्रैटजी जरूर बनी है।

जदयू को झटके पर झटका देने की है तैयारी

लोजपा (रामविलास) के प्रवक्ता प्रोफेसर विनीत सिंह के अनुसार नागालैंड में जदयू को झटके पर झटका देने की तैयारी है। पहला झटका नागालैंड में जदयू की प्रदेश कार्यसमिति को खत्म करके दे दी गई है। वहां में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष को छोड़कर कर सभी नेता और कार्यकर्ता लोजपा (रामविलास) में शामिल हो चुके हैं।

अब दूसरा झटका विधानसभा चुनाव में देने की तैयारी है। प्रवक्ता के अनुसार जिन 20 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार होंगे, वहां चिराग अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। सीधी लड़ाई उन सीटों पर होगी, जहां जदयू के उम्मीदवार मैदान में होंगे। संभावना है कि जदयू भी वहां 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।

दो दिनों में फाइनल हो जाएगी लिस्ट

प्रोफेसर विनीत के अनुसार लोजपा (रामविलास) के युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रणव कुमार नागालैंड के प्रभारी हैं। चिराग पासवान ने उम्मीदवारों के चयन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। गुरुवार को ही वो नागालैंड पहुंच चुके हैं। हर एक सीट का वो रिव्यू भी कर रहे हैं। मजबूत और कमजोर सीटों के हिसाब से उम्मीदवारों का चयन होगा।

संभावना है कि दो दिनों में पूरी लिस्ट फाइनल हो जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की मंजूरी मिलते ही 40 सीट और वहां के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।