बिहार सरकार के दो मंत्री कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और जल संसाधन मंत्री संजय झा की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद दोनों मंत्री होम आइसोलेशन में हैं। अभी के कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार मरीज को सात दिनों के होम आइसोलेशन में रहना पड़ता है। बता दें कि बिहार में कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए भी विधान मंडल सत्र में मास्क कम चेहरों पर दिखा था।
30 जून को विधान मंडल का सत्र समाप्त हुआ
बिहार विधान मंडल के मानसून सत्र के दौरान दोनों मंत्री सदन में मौजूद रहे थे। सत्र 30 जून को समाप्त हुआ है। सत्र के बाद कई मंत्रियों-विधायकों ने अपनी जांच कराई है। इसी जांच में दो मंत्री कोरोना पॉजिटव पाए गए हैं। दोनों मंत्रियों ने सोमवार को अपने आवास में किसी आगंतुक से मुलाकात नहीं की और न ही सचिवालय आए हैं। दोनों होम आईसोलेशन में हैं। बता दें कि पूर्व मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार 28 जुलाई को कोरोना पॉजिटव हुए थे।
विधान मंडल सत्र में कई विधायकों-मंत्रियों के चेहरे पर मास्क नहीं दिखा था
बता दें कि कोरोना बिहार में फिर से अपने पांव पसार रहा है। रविवार को 218 नए संक्रमित पाए गए, जबकि एक मरीज की मौत भी हो गई। जिन दो मंत्रियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है उनके संपर्क में जो लोग आए हैं अब वे भी जांच करवा रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि विधान सभा सत्र के दौरान कितने विधायक-मंत्री कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहे थे। कइयों के चेहरे पर मास्क नहीं दिखे थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.