बिहार में पंचायत चुनाव अब धीरे-धीरे अपने आखिरी चरण में पहुंच रही है। पंचायत चुनाव के दसवें चरण का मतदान बुधवार को होना है। 34 जिलों के 817 पंचायतों में होगा। मतदान के लिए 7257 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इनमें से 509 नक्सल प्रभावित हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस मुख्यालय की तरफ से लगभग 38 हजार पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। दसवें चरण में कुल 63 लाख 24 हजार 714 मतदाता वोट करेंगे। इनमें 33 लाख 29 हजार 858 पुरूष मतदाता हैं जबकि 29 लाख 94 हजार 648 महिला मतदाता हैं।
दसवें चरण के मतदान के साथ इन 18 जिलों में खत्म हो जाएगा चुनाव
बिहार पंचायत चुनाव का दसवां चरण का बिहार के 18 जिलों के लिए चुनाव का अंतिम चरण होगा। 11 चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव में आखिरी चरण में 20 जिलों 38 प्रखंड़ों में चुनाव होगा। इस तरह से दसवें चरण के साथ 18 जिलों में चुनाव संपन्न हो जाएगा। जिन जिलों में 10वें चरण के बाद चुनाव संपन्न हो जाएंगे। वो हैं बक्सर, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, औरंगाबाद, जाहानाबाद, अरवल, शिवहर, किशनगंज, शेखपुरा, लखीसराय, अररिया, कटिहार, बांका, जमूई, मुंगेर और खगड़िया।
10वें चरण की सीटों पर एक हजार से अधिक अवैध हथियार जब्त
मतदान वाले जिलों में पुलिस की सख्ती जारी है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक चुनावी आचार संहिता लगाए जाने के बाद से अभी तक इन जिलों से एक हजार से अधिक अवैध हथियार पकड़े गए हैं। 5322 व्यक्तियों पर सीसीए के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव दिया गया है वही 3408 के खिलाफ निरोधात्मक प्रस्ताव पारित हुआ है। वाहन चेकिंग के दौरान 10 करोड़ 99 लाख से अधिक जुर्माना वसूला गया है। वहीं 12 लाख 61 हजार लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस बल के साथ ही होमगार्ड, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस और सैप जवान लगाए गए हैं। आपको बता दें कि कई जिलों में यह पंचायत चुनाव का आखिरी चरण होगा। राज्य के कुछ जिलों में 11वें चरण में भी चुनाव कराए जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.