दीघा में महिला के साथ छेड़खानी:विरोध करने पर पति को भी पीटा, डॉक्टर बाप-बेटे पर लगा आरोप, दहशत फैलाने के लिए 4 राउंड फायरिंग भी की

पटना2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
महिला के नाक और चेहरे पर दांए आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। - Dainik Bhaskar
महिला के नाक और चेहरे पर दांए आंख के ऊपर गंभीर चोट आई।

पटना के दीघा में एक महिला के साथ छेड़खानी हुई है। विरोध करने पर महिला और उसके पति की जमकर पिटाई की गई। पत्थर से महिला और उसके पति पर हमला किया। इसमें महिला की नाक और चेहरे पर आंख के ऊपर गंभीर चोट आई है। जबकि, पत्थर के वार से उसके पति का भी सिर फट गया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, इलाके में दहशत फैलाने के लिए 4 राउंड फायरिंग भी की गई। यह पूरा मामला बुधवार देर रात का है।

छेड़खानी, मारपीट और फिर गोलीबारी का आरोप एक डॉक्टर बाप-बेटे पर लगा है। दरअसल, दीघा के बांस कोठी इलाके में गेट नंबर-95 के पास निरंजन कुमार का घर है। निरंजन खुद गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड के डिपो में बेल्डर का काम करते हैं। जबकि, घर के बाहर ही एक दुकान है, जिसे इनकी पत्नी कंचन देवी चलाती हैं। घर और दुकान में कम स्पेस होने की वजह से पास में ही निरंजन ने किराए का भी घर ले रखा है। वहीं वे अपने परिवार के साथ रहते हैं।

घर के अंदर से हथियार लेकर घुसे और मारपीट की
निरंजन के अनुसार बुधवार की रात वो ड्यूटी कर लौटे थे। रात 10:30 बजे के बाद वो दुकान बंद कर घर के लिए जा रहे थे। बेटे को बाइक पर बैठा लिया था। जबकि, पत्नी पैदल ही चल रही थी। उसी दौरान इलाके में ही रहने वाले डॉ. नरेश का बेटा डॉ. निशांत उर्फ सोनू ने पैदल चल रही पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। उसके साथ छेड़खानी की। जब विरोध किया तो गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। शोर सुनकर उसके घर के अंदर से उसके डॉक्टर पिता समेत कई लोग आ गए।

इसके बाद उन लोगों ने भी मारपीट शुरू कर दी। हम दोनों पति-पत्नी को बहुत मारा। घर के अंदर से हथियार निकालकर ले आए। हथियार दिखाकर डराने धमकाने लगे। बाप-बेटे ने मिलकर 4 राउंड फायरिंग भी की। इसी बीच दीघा थाना को कॉल किया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची भी। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने घायल पति-पत्नी का इलाज दानापुर हॉस्पिटल में कराया।

3-4 दिनों से निरंजन की पत्नी पर कमेंटबाजी करता था
इस मामले में अभी FIR दर्ज नहीं हुई है। गुरुवार को निरंजन थाने में लिखित शिकायत करेंगे। निरंजन का आरोप है कि निशांत पिछले 3-4 दिनों से उसकी पत्नी के ऊपर कमेंटबाजी कर रहा था। आते-जाते फब्तियां कसता था। डर के कारण पत्नी ने इस बात को छिपाए रखा था। दूसरी तरफ दीघा थाना की पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष रिश्तेदार हैं। घटना आपसी विवाद के कारण हुई है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

खबरें और भी हैं...