नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव में धान की फसल कटवाने गए युवक अचानक गायब हो गया। खेत से युवक की चप्पल और टोपी मिली है। बगल में कुएं से उसकी मोबाइल भी बरामद हुई है। खेत में खून के धब्बे पाए गए हैं। स्वजनों ने उसकी हत्या कर शव गायब कर देने की आशंका जताई है। गायब युवक की पहचान कृष्णनन्दन प्रसाद का पुत्र नरेंद्र कुमार उर्फ पिंटू के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, गायब युवक की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। कॉल डिटेल खंगाला जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि पिंटू ने धान की फसल कटवाने के लिए किसी दूसरे गांव से हार्वेस्टर मंगवाया था। रविवार की रात हार्वेस्टर से धान की फसल कटवाने खेत गया था। देर रात तक घर नहीं लौटा ताे चिंता होने लगी। इसके बाद उसकी तलाश में खेत पहुंचे, लेकिन वह नहीं मिला। हार्वेस्टर भी नहीं था और उसका चालक भी नहीं था। खोजबीन के क्रम में खेत में पिंटू की चप्पल और टोपी मिली। खून के धब्बे भी मिले। खून के धब्बे देख स्वजनों की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद कुंए में शव होने की आशंका जताते हुए वहां भी तलाशी ली गई। इसमें उसकी मोबाइल मिली। पुलिस भी युवक की तलाश में जुट गई है। हार्वेस्टर और उसके मालिक के बारे में पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस को अभी कोई सुराग नहीं मिल सका है। स्वजनों की चिंता बढ़ी हुई है। परिवार अनहोनी को लेकर चिंतित है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.