पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश:विधानसभा परिसर में भरा पानी, निकालने के लिए मंगवानी पड़ी सुपर सकर मशीन

पटना2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में बारिश हो रही है। तेज बारिश से पटना में कई जगहों में जल-जमाव हो गया है। वहीं विधानसभा में भी पानी भर गया है। जिसे निकालने के लिए सुपर सकर मशीन मंगवानी पड़ी है। इधर भारी बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है।

पटना के अलावा हाजीपुर, बेतिया, बेगूसराय, बक्सर में भी तेज बारिश का दौर जारी है। बेगूसराय में 2 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिससे कई इलाकों में पानी भर गया है।

बता दें कि मौसम विभाग ने सोमवार को सुबह ही बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया था।

पटना में दोपहर में बारिश की कुछ तस्वीरें देखिए..

रोहतास के कई इलाकों में तेज बारिश भी हुई है। मुजफ्फरपुर जिले में पिछले दो दिनों में बारिश हो रही है। जिससे करीब 140 करोड़ की फसल बर्बाद हो गई है। रविवार शाम मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, सीतामढ़ी, शिवहर में आंधी-बारिश और ओले गिरे।

इससे 50 हजार हेक्टेयर से अधिक में लगी गेहूं-मक्के, आम और लीची की फसल बर्बाद हो गई। घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बिहार के सुपौल, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर, बांका, जमुई सहित 12 जिलों में सोमवार को भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 26 जिलों में बादल छाए रहेंगे। इसमें कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

गया में रविवार शाम जमकर ओले गिरे। इससे किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है।
गया में रविवार शाम जमकर ओले गिरे। इससे किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश के ऊपरी हिस्से से तीसरे दिन भी टर्फ लाइन गुजर रही है। इसका प्रभाव बिहार के ऊपर पड़ रहा है। इससे पिछले तीन दिनों से आंधी के साथ बारिश हो रही है।

रोहतास में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है।
रोहतास में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है।

मौसम में आए बदलाव के कारण 21 मार्च तक दिन का तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 22 मार्च के बाद मौसम सामान्य होगा।

सामान्य से छह डिग्री नीचे गिरा पटना का अधिकतम तापमान

शनिवार की रात हुई बारिश और रविवार को दिन भर बादल छाए रहने से पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गया का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गया में सड़कों और खेतों में ओले गिरे।
गया में सड़कों और खेतों में ओले गिरे।

22 से दिन और रात के तापमान में हाेगी वृद्धि

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बारिश, तेज हवा और बादल छाने की वजह से तापमान सामान्य से नीचे रिकार्ड किया जा रहा है। लेकिन 22 मार्च से दिन और रात के तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी।