बिहार में महागठबंधन ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। बगैर सीटों के बंटवारे के ही महागठबंधन के सभी दल एक साथ आमसभा, जनसभा, रैली, संवाद करेंगे। इसके लिए 25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि में आमसभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें महागठबंधन के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेताओं के साथ ही सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव सहित अन्य लोग शामिल होंगे। ये जानकारी राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि चुनाव की रणनीति केंद्र को ध्यान में रख करके बनायी जाएगी।
इससे 2024 में भाजपा की वापसी पर रोक लगाया जा सके। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन की एकजुटता को देखते हुए भाजपा परेशान है। इसका फायदा महागठबंधन को मिलेगा। मौके पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, कांग्रेस के नेता डॉ. मदन मोहन झा सहित घटक दलों के अन्य नेता उपस्थित थे। हालांकि, 25 फरवरी को भाजपा के प्रस्तावित किसान-मजदूर समागम में गृह मंत्री अमित शाह के पटना आने की संभावना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.