पटना में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार गिर रहा है। जिले में 19 दिन बाद पाॅजिटिव हाेने वालाें की संख्या 544 पर आई है। पॉजिटिविटी रेट 11.22 हो गई है। इसके पहले चार जनवरी को 565 और तीन जनवरी को 299 मरीज मिले थे। पांच जनवरी से कोरोना मरीजों की संख्या हजार पार चल रही थी। अब लगातार पांचवें दिन पटना में 1000 से कम मरीज मिले हैं। वैसे, शुक्रवार को कोरोना संक्रमित दो बच्चे भी भर्ती हुए हैं। पीएमसीएच के शिशु विभाग के कोरोना वार्ड में एक बच्चा भर्ती हुआ है, जबकि एनएमसीएच में हाजीपुर की 10 दिन की संक्रमित पूजा कुमारी भर्ती हुई। 24 घंटे के दरम्यान एम्स में दो संक्रमितों की मौत भी हुई, हालांकि दोनों पहले से ही कई बीमारियों से जूझ रहे थे।
पटना एम्स- 17 नए एडमिट, अब 66 मरीज इलाज करा रहे
17 नए मरीज भर्ती हुए हैं और ठीक होने पर 13 मरीजों को छुट्टी दी गई है। एम्स में अभी 66 मरीजों का इलाज चल रहा है। एम्स में 257 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें पटना के 69 हैं। पटना एम्स में दो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। कोरोना के नोडल आफिसर डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि बेगूसराय के धारपुरा के 41 वर्षीय सज्जन कुमार जौंडिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के साथ कोविड पॉजिटिव थे। दूसरे मृतक पटना के आलमगंज निवासी 72 वर्षीय अहमद राजा सेप्टीसीमिया और मल्टी आर्गन फेल्योर के साथ पॉजिटिव थे।
पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, 3 अस्पतालों को मिलाकर 39 का चल रहा इलाज
पीएमसीएच में शिशु विभाग के कोरोना वार्ड में एक बच्चा समेत चार नए मरीज भर्ती हुए हैं। एक मरीज को छुट्टी मिली है। यहां अभी नौ मरीजों का इलाज चल रहा है। एनएमसीएच में हाजीपुर की एक 10 दिन की बच्ची पूजा कुमारी समेत चार नए मरीज भर्ती हुए हैं। एक मरीज को छुट्टी मिली है। एक डॉक्टर और छह स्टाफ संक्रमित हुए हैं। यहां अभी 16 मरीजों का इलाज चल रहा है। पीएमसीएच में हुई जांच में 11 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव है। आईजीआईएमएस में पांच नए मरीज भर्ती हुए हैं। ठीक होने पर सात मरीजों को छुट्टी दी गई है। यहां अभी 14 मरीजों का इलाज चल रहा है।
मास्क नहीं लगाने वाले 306 लोगों पर जुर्माना
जिले में पिछले 48 घंटे में 2831 मरीज रिकवर हुए हैं। गुरुवार को 8808 एक्टिव मरीज थे, शनिवार को यह संख्या घटकर 5977 हो गई है। शनिवार को जूम के माध्यम से समीक्षा बैठक के दौरान डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने संक्रमण दर और एक्टिव मरीजों की संख्या घटने पर संतोष जताया। जिले में शनिवार को 47 धावा दलों ने मास्क नहीं लगाने वाले 306 लोगों से जुर्माना वसूला। इसी तरह वाहनों से 2,36,700 रुपए जुर्माना वसूला गया। 13 वाहनों को जब्त भी किया गया।
1.20 लाख किशोरों को लगा कोरोना का टीका, 21360 ने ली प्रिकॉशनरी डोज
राज्य में शनिवार को 1,20,683 किशोरों को कोरोना का टीका लगाया गया, जबकि 21360 लोगों को प्रिकॉशनरी डोज लगी। राज्य में कुल 4,09,313 लाेगाें ने वैक्सीन लगवाई। सबसे अधिक 24738 डोज अररिया में लगी। राज्य में अबतक कुल 10 करोड़ 95 लाख 72 हजार 65 डोज लग चुकी है। इनमें पहली डोज 6,33,68,067 और सेकेंड डोज 4,58,45,778 है। अबतक 3,58,220 लोग प्रिकॉशनरी डोज ले चुके हैं। जबकि 15-18 साल आयुवर्ग के 34,86,090 किशोरों को टीका लगाया जा चुका है। राज्य में कुल 83.46 लाख किशोरों को टीका लगना है।
जिले में 1,74,638 बच्चों का टीकाकरण
जिले के 720 स्कूलों में 15 से 18 वर्ष के उम्र वाले 4.93 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। इनमें से अबतक 1,74,638 बच्चों टीका दिया गया हैं। शनिवार को 5751 बच्चों को टीका दिया गया। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारी को बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.