पटना में गंगा किनारे NIT घाट पर 18 साल का युवक गंगा में नहाते वक्त डूब गया। उसे मरता छोड़ उसका दोस्त वहां से भाग गया और साथ में उसका मोबाइल भी ले उड़ा। डूबने की भनक घरवालों को नहीं लगी। वह निश्चिंत थे कि दोस्त के साथ घर से बाहर निकला है, लेकिन दोस्त मझधार में छोड़कर भाग गया। CCTV फुटेज से युवक के डूबने का वीडियो सामने आया है। सूचना मिलने पर SDRF की टीम बॉडी की तलाश में कर रही है। फिलहाल, अब तक युवक की बॉडी अभी मिली है। उसका नाम नीरज है।
सैदपुर का रहने वाला नीरज गुरुवार को दोस्तों के साथ गंगा में छलांग लगा रहा था। इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते डूब गया। इस घटना को देख साथी डरकर भाग गया। बाद में जब तक पता चला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अगर साथ के लड़कों ने शोर मचाया होता तो शायद नीरज को बचाया जा सकता था। शुक्रवार को भी NIT घाट से लेकर गाय घाट तक SDRF ने तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
आए दिन हो रही घटनाएं
बिहार में बाढ़ के दौरान आए दिन डूबने से मौत की घटना हो रही है। इसके बाद भी सुरक्षा को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पटना में प्रशासन की लापरवाही से बड़ी घटना हो सकती है। पटना के गांधी घाट से लेकर NIT और अन्य घाटों पर सुरक्षा को लेकर कोई भी कर्मचारी नहीं दिखता है। इससे खतरा हमेशा मंडराता रहता है। पटना सिटी एरिया में तो और भी मनमानी है। सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण ही बच्चे भरी गंगा में छलांग लगा रहे हैं।
बच्चों का खतरनाक करतब
NIT घाट सिटी के गायघाट और महावीर घाट पर बच्चे गंगा में सीधा छलांग लगा रहे हैं। इसमें जान का खतरा है, लेकिन कोई रोकने वाला नहीं है। गंगा का पानी पूरी तरह से भरा है और इस कारण से नदी में जाना खतरे से खाली नहीं है। गंगा के बहाव को देखकर अच्छे-अच्छे तैराक भी घबरा जाते हैं। गंगा का बहाव और बच्चे के छलांग को देखते हुए आसपास के लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सुरक्षा की व्यवस्था की जाए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.