इधर लालू प्रसाद दोषी, उधर राबड़ी आवास पर मायूसी:जगदानंद बोले- सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे; कार्यकर्ता बोले- हमारे नेता को फंसाया जा रहा

पटनाएक वर्ष पहले
जगदानंद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, राजद।

डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में लालू प्रसाद यादव दोषी करार दिए गए हैं। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। कोर्ट का फैसला आते ही कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मायूसी छा गई है। राजद कार्यकर्ताओं से दैनिक भास्कर ने बातचीत की।

सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक लालू प्रसाद हैं
भास्कर से बात करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि लालू प्रसाद को फंसाया जा रहा है। देश में बड़े-बड़े घोटाले हो रहे हैं। कई घोटाले सामने भी आ रहे हैं। उन सब पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। राजद सुप्रीमो को इसलिए फंसाया जा रहा है। लालू प्रसाद ने हमेशा गरीबों पिछड़ों और दलितों की आवाज बुलंद की। उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी।

वहीं, इस पूरे मामले पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। अंतिम रूप से जब तक न्यायपालिका का आदेश जब तक नहीं हो जाता तब तक हम आशा करते हैं कि न्याय मिलेगा ही। इस देश के सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक लालू प्रसाद हैं।

पार्टी पर नहीं पड़ेगा असर
​​​​​​
राजद के प्रवक्ता इकबाल अहमद ने कहा कि लालू प्रसाद गंभीर रूप से बीमार चल रहे हैं। यह न्यायालय को भी देखना चाहिए। लालू प्रसाद को दोषी करार दिए जाने का कोई असर पार्टी पर नहीं पड़ेगा। राष्ट्रीय जनता दल लगातार मजबूत हो रही है। यह इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव में भी लोगों ने देख लिया। लालू प्रसाद के मामले में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि लालू प्रसाद को दोषी करार दिए जाने से वह दुखी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लालू प्रसाद को फंसाया जा रहा है। लालू प्रसाद ने गरीबों-पिछड़ों को आवाज दी हा।