पटना ट्रैफिक पुलिस की महिला सिपाही बबिता कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी उसका इलाज पटना एम्स में चल रहा है। जहां उसे 7 यूनिट ब्लड चढ़ाया गया है। बबिता कुमारी, पटना ट्रैफिक पुलिस की वही सिपाही है। जिसे शनिवार की रात एक फॉर्च्यूनर गाड़ी चला रहे शख्स ने इनकम टैक्स गोलंबर से लेकर हाईकोर्ट जाने के रास्ते में 300 मीटर तक घसीट दिया था। गाड़ी चला रहा शख्स अभिनव कुमार सिंह हाईकोर्ट के पास गाड़ी छोड़कर खुद फरार हो गया था। गाड़ी में एक लड़की बैठी हुई मिली थी।
रविवार को गांधी मैदान ट्रैफिक थाना के थानेदार अशोक कुमार ने बताया कि महिला सिपाही बुरी तरह से घायल है। उसके शरीर का पिछे का हिस्सा सड़क से काफी रगड़ा चुका है। ये रगड़ ऐसी थी कि पीठ का मांस भी छील गया है। दो-तीन जगहों पर गड्ढे के जैसा हो गया है। एक्सीडेंट के बाद पहले महिला सिपाही को एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया था। फिर वहां से बेली रोड पर स्थित एक बड़े हॉस्पिटल ले जाया गया। मगर, महिला सिपाही की हालत गंभीर होने के कारण उसे वहां से एम्स में ले जाया गया। अभी उसका इलाज वहीं चल रहा है।
सरकारी काम में बाधा डालने की FIR दर्ज
इस मामले में घायल महिला सिपाही बबिता के बयान पर पटना के कोतवाली थाना में अभिनव कुमार सिंह के खिलाफ नामजद FIR दर्ज हुआ है। कोतवाली के थानेदार सुनील कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इस केस में उसके उपर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगा है। पुलिस ने उसकी फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है। एक्सीडेंट के बाद गाड़ी में बैठी जो लड़की मिली थी, पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया है। लड़की पटना में ही एक गर्ल्स हॉस्टल में रहती है।
छापेमारी के बाद हाथ खाली
जब्त गाड़ी के नंबर के आधार पर पुलिस ने डिटेल निकाला था। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि अभिनव का भाई बालू कारोबारी है। वो मनेर का रहने वाला है। करीब 7-8 साल पहले उसकी शादी हुई थी। पुलिस सूत्र बताते हैं कि अभिनव की पत्नी और एक्सीडेंट के वक्त गाड़ी से मिली लड़की, दोनों दोस्त हैं। एक साथ हॉस्टल में रहा करती थीं। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीम ने मनेर वाले घर और पटना के नेहरू नगर में अभिनव के किराए वाले घर पर छापेमारी की। दोनों जगहों पर वो पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस को अभिनव की पत्नी मिली। जिसमें पता चला कि कुछ दिनों पहले ही अभिनव ने सेकेंड हैंड फॉर्च्यूनर खरीदा था। पेपर पर अभी उसका नाम भी ट्रांसफर नहीं हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.