चिड़ियाघर के बाघ विक्रम के स्वास्थ्य में सुधार हाे रहा है। लेकिन, अभी अस्पताल के अंदर बने केज में ही उसे रखा जाएगा। प्लेटलेट्स नॉर्मल होने के बाद उसे हल्का भोजन दिया गया। शनिवार की दोपहर गर्म चिकेन शूप दिया गया। इसके बाद चिकेन भी खाया। सुबह, दोपहर, शाम और रात को प्लेटलेट्स की जांच की जा रही है।
बाघ मगध की मौत के बाद विभाग की तरफ से विक्रम के बेहतर इलाज के लिए जू प्रशासन पर दबाव था। विभाग के अधिकारी हर घंटे उसके स्वास्थ्य का अपडेट ले रहे थे। डॉक्टरों का कहना है कि बाघ खतरे से बाहर है। प्रोटोजोआ इन्फेक्शन से काेई भी अंग प्रभावित नहीं हुआ है। तीन दिन के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
7 दिन बाद मां संगीता बाघिन से करेगा मुलाकात
मगध की मौत और विक्रम की तबीयत खराब हाेने के बाद संगीता बाघिन और उसके अन्य दोनों शावकाें की चहल-पहल बंद हो गई है। बाघिन और उसके शावकों को अलग-अलग रखा गया है। जानकारों की मानें तो सात दिन बाद विक्रम अपनी मां संगीता से मुलाकात करेगा।
बाघिन और दोनाें शावक बिल्कुल स्वस्थ हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि विक्रम के स्वास्थ्य में सुधार है। वह डॉक्टराें की निगरानी में है। सीसीटीवी से 24 घंटे उसकी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.