दिल्ली में डॉक्टरों पर लाठीचार्ज के बाद बिहार के डॉक्टरों में आक्रोश बढ़ गया है। अब वह सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी सेवा ठप करने की तैयारी में हैं। बुधवार से प्रोटेस्ट होगा और मांग नहीं मानी गई तो ओपीडी से लेकर इमरजेंसी सेवा तक को ठप कर दिया जाएगा। डॉक्टरों का कहना है कि दिल्ली पुलिस का यह कृत्य बड़ा अपमान है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली की घटना के बाद मंगलवार को देश के कई राज्यों में डॉक्टरों की स्ट्राइक रही है। बिहार में IMA के कार्यक्रम को लेकर हड़ताल को टाल दिया गया था लेकिन बुधवार को आक्रोश बढ़ने के साथ ही स्ट्राइक हो सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि पहले प्रोटेस्ट होगा फिर इमरजेंसी भी ठप की जा सकती है।
शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज से मानसिक परेशान
मानसिक रूप से परेशान है। दिल्ली में चल रहे शांति पूर्ण आंदोलन में पुलिस की लाठी चार्ज से मानसिक प्रताणना मिली है। फाइमा डॉक्टर एसोसिएशन ने पूरे देश में हड़ताल का अल्टीमेटम दिया है। संगठन का कहना है कि बुधवार से बिहार में भी हड़ताल किया जाएगा। फाइमा डॉक्टर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहन कृष्णनन का कहना है कि दिल्ली में शांति पूर्ण आंदोलन पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस घटना से डॉक्टर आहत हुए हैं। इस कारण से पूरे देश में डॉक्टरों का संगठन यूनाइट है। अब पूरे देश में डॉक्टर हड़ताल पर जाएंगे। बिहार में से हड़ताल की पूरी तैयारी है। इसमें ओपीडी के साथ इमरजेंसी सेवा को भी पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा। पहले प्रोटेस्ट किया जाएगा फिर इमरजेंसी भी बंद हो सकती है।
इमरजेंसी सेवा ठप हुई तो मचेगा हाहाकार
बिहार में मेडिकल कॉलेज और अन्य सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवा ठप की गई तो हाहाकार मच जाएगा। इससे मरीजों की जान पर खतरा बन जाएगा। डॉक्टरों का कहना है कि दिल्ली की घटना के बाद सभी संगठन एक हैं और हड़ताल को लेकर पूरी तैयारी किए हैं। पटना में जूनियर डॉक्टरों की ओपीडी हड़ताल से ही व्यवस्था गड़बड हो सकती है। ऐसे में डॉक्टरों की मांग नहीं मानी जाती है तो बिहार में यह नौबत आ सकती है। रेजीडेंट डॉक्टरों का बिहार में प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ विनय का कहना है कि बुधवार से प्रोटेस्ट किया जाएगा इसके बाद अगर मांग नहीं मानी गई तो आने वाले दिनों में इमरजेंसी सेवा भी ठप कर दी जाएगी।
IMA के नेशनल प्रेसीडेंट ने कहा गृह मंत्री से होगी बात
IMA के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष सहजानंद प्रसाद सिंह ने कहा है कि दिल्ली की घटना से वह दुखी हैं। ऐसी घटना डॉक्टर के साथ नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि इस मामले को लेकर वह बुधवार को दिल्ली जा रहे हैं और वहां गृह मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे पर बात करेंगे। डॉ सहजानंद प्रसाद का कहना है कि इस मामले में कोई न कोई रास्ता निकाल लिया जाएगा। इसके लिए उनके तरफ से पूरा प्रयास किया जा रहा है। डॉक्टरों को आंदोलन नहीं करना पड़े इसे लेकर काम किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.