रविवार की देर रात करीब 1:00 बजे हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के बागदुल्हन मोहल्ले में होलसेल पाइप एवं सेनेटरी स्टोर के गोदाम का शटर काट रहे चोर ने पास आते लोगों को देखकर गोली चला दी। गोली स्थानीय 27 वर्षीय युवक मो आशिफ नवाज की छाती में लगी हैं। शटर काटकर गोदाम में चोरी करने में असफल चोर फायर करते अपनी कार से भाग निकले। अपराधी 3-4 की संख्या में थे। बताया गया कि गोली चलाकर रामबालक चौक की दिशा में भागने लगे। घटनास्थल से कुछ दूर आगे ही लाल कलर की एक अल्टो कार लगी थी। कार के पास पहले से दो लोग खड़े थे। वे लोग भी उन्हीं शटर काटने वाले गिरोह के थे। गोली चलने के बाद कार को लेकर रामबालक चौक दिशा में भाग निकले। स्थानीय लोगों एवं परिजनों के सहयोग से घायल को सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होता देख सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल को पटना रेफर कर दिया। इस घटना की जानकारी घायल के बड़े भाई मोहम्मद दिलनवाज आलम ने पुलिस को दी है। नगर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि गोली मारने की सूचना के बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे थे। अपराधी वहां से अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। जख्मी का फर्द बयान नहीं आया है। पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.