बिहार की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका का मानदेय अभी नहीं बढ़ेगा। सरकार का ऐसा कोई विचार नहीं है। मंत्री मदन सहनी ने विधान परिषद में एक सवाल के जवाब में यह स्पष्ट किया है। भाजपा के एमएलसी डॉ प्रमोद कुमार ने यह मांग की थी।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका से कई तरह के काम लिए जाते हैं। कहने को 4 घंटे का काम है लेकिन 12 घंटे तक काम लिया जाता है। विधान परिषद की कार्यवाही फिलहाल दोपहर 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
दो दिन पहले विधानसभा में इसी पर सवाल करते हुए भाजपा विधायक लखेंद्र पासवान के हाथ से माइक उखड़ गया था। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें 2 दिनों के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया था। हालांकि बाद में भाजपा विधायकों द्वारा हंगामा करने पर निलंबन वापस ले लिया गया। मामले में माफी मांगने के सवाल पर लखेंद्र पासवान ने कहा था कि मैंने आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका का मानदेय बढ़ाने की मांग की थी। इस दौरान मैं चेक कर रहा था कि माइक में लाइन है या नहीं। उसी समय माइक का कवर निकल गया। माफी कतई मंजूर नहीं है।
भाजपा सदस्यों ने वॉकआउट किया, कार्यवाही स्थगित
परिषद की कार्यवाही के अंतिम सत्र में आरजेडी के एमएलसी रामबली चंद्रवंशी ने मांग की कि यूनिवर्सिटी के सीनेट-सिंडिकेट में अति पिछड़ों को आरक्षण दिया जाए। इसके बाद उद्योग मंत्री समीर महासेठ ने कहा कि 30,000 लोगों को 10 लाख रुपया देकर उद्यमी बना रहे हैं। सक्षम लोगों को हम आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
समीर महासेठ के बयान के समय ही भाजपा के पार्षदों ने विधान परिषद की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। सभी सद्सय वॉकआउट कर गए। इसके बाद परिषद की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस एमएलसी ने की भीम बांध के विकास की मांग
कांग्रेस के मंत्री समीर कुमार सिंह ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्योग बिहार में बेहतर काम कर सकते हैं। बिहार की मिर्ची से चिल्ली सॉस के जरिए हम अधिक पैसा कमा सकते हैं। बहुत सारा लीची बिहार में बर्बाद हो जाता है, उसका बेहतर इस्तेमाल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग उपमुख्यमंत्री के हाथों में है। बाबा धाम झारखंड के क्षेत्र में चला गया है लेकिन राजगीर को काफी विकसित किया गया है। बिहार के सभी धार्मिक स्थलों को विकसित किया गया है। खड़गपुर झील के विकास के लिए 684 करोड़ रुपए सरकार ने दिए हैं। कई स्थानों पर सरकार ने रोपवे भी बनाया है। बांका में भी रोपवे बनाया गया। मुंगेर के भीम बांध पर सरकार क्यों नहीं ध्यान दे पा रही है, यह समझ से परे है। ईको टूरिज्म बनाने के लिए देश में उससे बेहतर जगह कहीं नहीं। वहां के गर्म पानी में स्नान करने से लोग रोग मुक्त हो जाते हैं। वहां गर्म पानी और ठंडे पानी दोनों तरह की नदी बहती है। भीम बांध को विकसित करने पर बिहार का मान सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगा।
अश्लील गानों का मामला उठा, भाजपा सांसदों पर सवाल
विधान परिषद में अश्लील भोजपुरी गानों का मामला उठा है। राजद के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने विधान परिषद में रुई लेकर आए थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के अश्लील गाने गाए जा रहे हैं कि मुझे यहां छह महिलाओं के कान में रुई डालनी पड़ेगी।
कहा कि 6 करोड़ लोग भोजपुरी बोलने वाले हैं और पूरी दुनिया भर में 25 करोड लोग भोजपुरी बोलते हैं। जब शराबंदी पर कानून बन सकता है तो अश्लील गानों पर क्यों नहीं? रेगुलेरिटी अथॉरिटी बनाई जाए।
सुनील कुमार सिंह ने कहा कि समाज में भोजपुरी गाने से अश्लीलता इसलिए फैल रही है कि भाजपा ने तीन ऐसे गायकों को सांसद बनवा दिया जो अश्लील गाने गाते रहे। उन्होंने रवि किशन और मनोज तिवारी का नाम लेकर उनके द्वारा गाए गानों का जिक्र किया। इस पर विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि जो व्यक्ति सदन में मौजूद नहीं है, उसका नाम लेकर मत बोलिए।
परिवार पर कार्रवाई के बीच राबड़ी पहुंचीं परिषद
इससे पहले बिहार विधान परिषद की कार्यवाही में शामिल होने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी पहुंची। लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव आदि पर सीबीआई ईडी की दबिश के बारे में उन्होंने कहा कि कोई न्यूज़ नहीं है, सब पुराना मामला है।
बिहार विधान परिषद में अपराध के सवाल पर भाजपा ने भी सरकार को घेरा। इस पर वरिष्ठ मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अमेरिका में भी राष्ट्रपति की हत्या हो चुकी है। ब्रिटेन में भी जेल है। भगवान की भी हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहां अपराध नहीं हो रहा है? भाई-भाई में भी झगड़ा हो रहा है। सरकार का काम यह है कि घटना के बाद तुरंत एक्शन में आए।
बेगूसराय में विरेंद्र शर्मा मुखिया की हत्या का मामला उठा। इस पर मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अभी तक कोर्ट से कुर्की का आदेश नहीं आया है। इस पर नेता विरोधी दल सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस गलत दिशा में जांच कर रही है, इसका यही मतलब है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव जीतने के बाद ही मुखिया ने कहा था कि उनकी हत्या की जा सकती है। इसके बावजूद पुलिस ने उसे सुरक्षा नहीं दी थी।
बहाली घोटाला का आरोप लगाकर भाजपा नेताओं का प्रदर्शन
बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा के पार्षदों ने सरकार से कई सवाल पूछे। कहा कि शारीरिक शिक्षकों का मानदेय कब बढ़ेगा? अतिथि शिक्षकों का स्थाई कब करेंगे? 10लाख बेरोजगारों को नौकरी कब दोगे? टीईटी एसटीईटी पास अभ्यर्थियों को नौकरी कब दोगे?
विधान परिषद में नेता विरोधी दल सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव ने वादा किया था कि हम जब पहली सरकार में आएंगे तो कैबिनेट की पहली बैठक में 10 लाख रोजगार नहीं बल्कि पक्की नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि 25 से अधिक कैबिनेट की बैठक हो चुकी है, लेकिन बिहार में युवाओं को ना रोजगार मिला ना पक्की नौकरी। सिर्फ इन लोगों ने अपना रोजगार लिया। स्कूलों में शिक्षकों को प्रमोशन देकर प्रधानाध्यापक बनाना था, लेकिन उसको भी इन लोगों ने बहाली में शामिल कर लिया। बिहार सरकार बहाली घोटाला करने में लगी हुई है।
परिषद की कार्यवाही के अन्य अपडेट्स
एमएलसी खालिद अनवर ने विधान परिषद में कहा कि 70 वर्षों में जुडिशियरी की ऐसी स्थिति नहीं हुई। बिहार में डेमोक्रेसी ऐसी है कि यहां शराबबंदी होती है, सर्वसम्मति से और दूसरी तरफ देश में कैसी डेमोक्रेसी है कि नोटबंदी होती है। इस तरह से नोटबंदी करना डेमोक्रेसी नहीं है।
सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि आपको बार-बार कहने के बावजूद आप बिना अनुमति के खड़े हो जाते हैं। यह मेरे रहते नहीं चलेगा।
बीजेपी एमएलसी संजय पासवान ने अनुसूचित जाति जनजाति छात्र छात्राओं को स्कॉलरशिप देने से जुड़ा सवाल उठाया। कहा कि 2015-16 के बाद से सीलिंग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी ओबीसी, ईबीसी आदि को जोड़ना ठीक नहीं है। पहले की तरह अनुसूचित जाति, जनजाति के छात्र छात्राओं को पूरी राशि इंबर्समेंट की जाए। अनुसूचित जाति, जनजाति के फंड का डायवर्सन नहीं हो। इस पर तुरंत रोक लगाई जाए।
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि सरकारी स्कॉलरशिप दे रही है। लेकिन कई शैक्षणिक संस्थाएं हैं जो मनमानी फीस लेती है। भारत सरकार का हिस्सा देर से आता है। आने वाले समय में स्कॉलरशिप की राशि बढ़ाने पर सरकार विचार करेगी। राज्य सरकार 38 लाख छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप दे रही है।
संजय जायसवाल ने कहा कि जीतन राम मांझी के समय जो स्कॉलरशिप पर हुई थी उसे ही संतोष कुमार सुमन करवा दें। संजय पासवान ने आंकड़ों में बताया कि फंड का डायवर्सन किस तरह से नीतीश सरकार में हो रहा है और अनुसूचित जाति, जनजाति छात्र छात्राओं को स्कॉलरशिप में दिक्कत हो रही है।
बीजेपी के विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने मांग की कि स्कूलों में बेंच डेस्क देने के लिए टेंडर की प्रक्रिया खत्म की जाए ताकि एमएलसी, स्कूलों में अपने फंड से बेंच डेस्क उपलब्ध करा सकें। नियम में संशोधन किया जाए। मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि इसकी समीक्षा की जाएगी।
भाजपा की एमएलसी निवेदिता सिंह ने कहा कि महिला पार्षद सवाल नहीं पूछ पा रही हैं। विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि एक सवाल पर इतने पूरक सवाल पूछे जाते हैं उसी से ज्यादा समय सदन का नष्ट होता है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.