गुड्डू शर्मा उर्फ नवल शर्मा पटना में नक्सली होने का पूरा फायदा उठा रहा था। वह पटना जिले के भगवानगंज इलाके में छिपकर रह रहा था। साथ ही अपने नाम का प्रभाव, डर और खौफ पैदा कर इलाके में लोगों से लेवी वसूल रहा था। लेवी वसूलने के इस काम को नक्सली गुड्डू शर्मा गुपचुप तरीके से अंजाम दे रहा था। किसी को भी इस बात की भनक नहीं लगने दे रहा था। मगर, किसी तरह से इसके कारनामों की जानकारी पुलिस को मिल ही गई।
हर मूवमेंट पर नजर रख रही थी STF
स्थानीय थाने की पुलिस इसके ऊपर हाथ डालने से बच रही थी, क्योंकि, गुड्डू शर्मा जहानाबाद में हुए जेल ब्रेक कांड में भी शामिल था। वह नक्सली संगठन की बिहार रिजनल कमेटी का एक्टिव मेंबर रहा है। नक्सलियों के लीडर अरविंद का करीबी भी माना जाता है। इस कारण इसे पकड़ने की जिम्मेवारी बिहार STF को सौंप दी गई। पिछले कई दिनों से बिहार STF की टीम लगातार इसके बारे में जानकारी इकट्ठा करने में जुटी हुई थी। इसके मूवमेंट पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। जैसे ही मौका मिला, उसके बाद इसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या सहित 8 आपराधिक मामले दर्ज
गुरुवार को इसकी गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी गई है। बिहार STF के अधिकारी के अनुसार जांच और पूछताछ के क्रम में पता चला कि 2018 में यह जंगल से लौटा था। यह जहानाबाद के करौना आउट पोस्ट के तहत मोकर गांव का रहने वाला है। लेकिन, पटना जिले के भगवानगंज थाना के एरिया में इसने अपना ठिकाना बना रखा था। यहीं से बैठकर नक्सली संगठन के लिए लेवी वसूल कर रुपयों का इंतजाम किया करता था। गुड्डू शर्मा एक कुख्यात नक्सली है। इसके ऊपर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित IPC की कई गंभीर धाराओं में 8 आपराधिक FIR गया और नवादा जिलों के थाने में दर्ज हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.