लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज ने कहा कि मुख्यमंत्री को कमजोर करने की जो लोग साजिश कर रहे थे, उनका पर्दाफाश हो गया है। बिहार के विकास हेतु महागठबंधन बना है, इसे कमजोर करने वाले लोग हमारे नेता मुख्यमंत्री को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा द्वारा महागठबंधन में हुई डील के बावत पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जदयू डील में नहीं सभी के लिए न्याय के साथ विकास में विश्वास रखती है। मंत्री प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम के बाद मीडिया से मुखातिब थे।
जयंत राज ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि हमारे नेता ने उपेंद्र कुशवाहा को पहली बार विधानसभा का चुनाव जीतने पर विरोधी दल का नेता बनाया, चुनाव हार गए तो पार्टी का पदाधिकारी बनाया और बाद में राज्यसभा में भेजने का काम किया। इस बार पार्टी में आने पर उन्हें अपने संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया, फिर पवेलियन में बैठाने की बात का क्या मायने हो सकता है। महागठबंधन से हुई डील के बारे में संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष के नाते तो उन्हें ही बताना चाहिए।
उनकी नाराजगी के कारण के बारे में पूछने पर मंत्री ने कहा कि कोई कारण तो सामने नजर नहीं आता। अति महत्वाकांक्षा अगर पाले हों तो वही बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी से नेता होते हैं नेता से पार्टी नहीं हो सकती। मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.