रांची में शुक्रवार को नमाज के बाद हुए उपद्रव का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें उपद्रवी मेन रोड स्थित महावीर मंदिर पर सीधा हमला करते दिख रहे हैं। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि उपद्रवी मंदिर को नुकसान पहुंचाने की मकसद से आए थे।
स्थिति यह थी कि पत्थर फेंकने वालों के डर से मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और पत्रकारों को भी महावीर मंदिर में शरण लेनी पड़ी। उपद्रवी इसके बाद भी नहीं रुके। मंदिर का गेट बंद होने के बाद वे गेट पर और मंदिर की छत पर पत्थर फेंकने लगे। लाइव वीडियो में यह दिख रहा है कि पत्थरबाजी से मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा है।
महिला पत्रकार को गाली देकर वीडियो बनाने से रोका
वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो बना रही महिला पत्रकार पर भी उपद्रवियों ने हमला किया। उन्हें वीडियो बनाता देख उपद्रवी उनकी तरफ पत्थर फेंकने लगे। गाली दी और वीडियो बनाने से मना किया। जब उन्हें वीडियो बंद कर देने का आश्वासन मिला तब वे वहां से निकले।
मंदिर के पुजारी भी हुए घायल
इस पत्थरबाजी से मंदिर के पुजारी भी घायल हो गए। पुजारी ने बताया कि रांची के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। महावीर मंदिर पर इससे पहले कभी भी हमला नहीं हुआ। स्थिति ज्यादा बिगड़ने के बाद रांची के DC छवि रंजन ने खुद मोर्चा संभाला था और उन्होंने जवानों को फायरिंग का आदेश दिया था। अभी तक 2 युवकों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक की पहचान मुद्दस्सर (22) और शाहिल (24) के रूप में हुई है।
25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। इसमें लगभग 12 लोग RIMS में एडमिट हैं। वहीं 10-12 लोगों का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल में हुआ है।घायल हुए रांची के SSP का इलाज मेडिकल में चल रहा है।
बंद के आह्वान पर बढ़ाई गई सुरक्षा
हिन्दू संगठनों ने शनिवार को रांची में बंद का आह्वान किया है। इसके बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है। शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में जवान तैनात कर दिए गए हैं। शहर में अगले आदेश तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। पूरे शहर में सन्नाटा पसरा है और गिनती के निजी वाहन ही चल रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.