JDU में खींचतान बढ़ गई है। पार्टी में अब दो खेमा बन गया है। एक तरफ राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह तो दूसरी तरफ संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि महागठबंधन में जाने से पहले जदयू के कुछ नेताओं ने राजद के साथ डील की थी।
नीतीश कुमार को लगातार कमजोर किया जा रहा है। मुझे नीतीश जी बुलाएं। मैं सब कुछ साफ कर दूंगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलाएं, उनके सामने सब कुछ रख दूंगा। वो बताएं कि कौन सी डील हुई है? क्यों राजद के लोग कह रहे हैं कि उनके नेता को शपथ दिलाई जाए? मुख्यमंत्री अभी चेत जाएं नहीं तो मुश्किल होगी।
मौका कर्पूरी ठाकुर की जयंती का था। उपेंद्र कुशवाहा को जदयू की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया था। इस पर कर्पूरी ठाकुर का नाम लेकर उपेंद्र कुशवाहा जमकर बरसे।
उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की चाहत थी कि उनका अभियान चलते रहे। उनके बाद ये जिम्मेदारी लालू यादव पर आई। फिर नीतीश कुमार जी पर आई। हम लोग भी साथ थे। समता पार्टी उसी के बाद बनी। जब जदयू बनी तो नीतीश जी CM बने, बीच में मैं नहीं था, लेकिन जब वो राजनीतिक रूप से कमजोर हुए तो मैं उनके साथ आया।
अपनी पार्टी मर्जर करके नीतीश को ताकत दी
उपेंद्र ने कहा कि अपनी पार्टी का मर्जर करके उनको ताकत दी। नीतीश जी को ताकत की जरूरत है। हाल ही में नीतीश जी कमजोर हुए हैं। उन्हें लगातार कमजोर किया जा रहा है। हम पार्टी और नीतीश कुमार को कमजोर नहीं होने देंगे। जदयू कमजोर हो रही है। हम लगातार कह रहे हैं। फिर इसको दोहरा रहे हैं।
हम लोग मजबूत करने में लगे हैं। नीतीश जी पर जब-जब प्रहार हुआ, तब-तब मेरे अलावा दूसरे लोग क्यों नहीं खड़े हुए? मैं उनके साथ खड़ा रहा हूं। नीतीश जी और मैं परिवार के लोग हैं।
उपेंद्र यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार को शिखंडी, तानाशाह और नाइट वॉच मैन कहा गया तो मैंने ही आवाज उठाई थी। फिर राजद ने नोटिस किया था। जब मैंने आवाज उठाई तो मेरे ऊपर प्रहार किया जा रहा है। मेरे पीछे लोग पड़े है।
महागठबंधन में जाने से पहले डील हुई
उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि महागठबंधन में जाने के पहले डील हुई है। क्या डील हुई है? किसने ये डील की है, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी बताएं।
छलका दर्द...
वहीं, उपेंद्र कुशवाहा का दर्द भी छलका। उन्होंने कहा कि मुझे आज कर्पूरी ठाकुर की जयंती और कल महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया।
इधर, CM बोले- हम से कुछ मत पूछिए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा की बात पर कहा कि हम से कुछ मत पूछिए। छोड़ दीजिए, जो उनके मन में आए वह बोलते रहते हैं। उनको बोलने के लिए छोड़ दीजिए। उनकी बात पर हमारे पार्टी का कोई भी आदमी कुछ नहीं बोलेगा।
नीतीश कुमार कमजोर नहीं हुए- मांझी
उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा आरजेडी के साथ क्या डील हुई है यह उपेंद्र कुशवाहा ही बता सकते हैं। यहां तो अंगूर खट्टे हैं वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। शायद इसी को लेकर उपेंद्र कुशवाहा इस तरह के बयान दे रहे हैं। साथ ही कहा कि नीतीश कुमार कोई कमजोर नहीं हुए हैं, वो बेहतर तरीके से सरकार चला रहे हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.