पूर्व विधायक के भाइयों का मर्डर केस:वांटेड संजय सिंह के भाई रंजय सिंह ने मसौढ़ी कोर्ट में किया सरेंडर, रिमांड पर लेने की तैयारी

पटना10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
31 मई की शाम इन दोनों भाइयों की हुई थी हत्या। - Dainik Bhaskar
31 मई की शाम इन दोनों भाइयों की हुई थी हत्या।

भाजपा के पूर्व विधायक चितरंजन के दो सगे भाइयों शंभू सिंह और गौतम सिंह की हत्या के मामले में फरार चल रहे रंजय सिंह ने सरेंडर कर दिया है। गुरुवार को रंजय सिंह चुपके से मसौढ़ी कोर्ट में पहुंचा और वहीं उसने खुद को सरेंडर कर दिया। पटना पुलिस की तरफ से इसकी पुष्टि की गई है। कोर्ट में सरेंडर करने वाला रंजय इस केस के वांटेड व कुख्यात अपराधी संजय सिंह का छोटा भाई है। जब इसके बारे में पटना पुलिस को जानकारी मिली तो पत्रकार नगर के थानेदार मनोरंजन भारती पटना से मसौढ़ी गए। तब तक कोर्ट बंद हो चुकी थी। फिलहार रंजय को मसौढ़ी के ही जेल में भेज दिया गया है। पटना पुलिस इसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। संभावना है कि शुक्रवार को ही पुलिस रंजय सिंह को कम से कम 5 दिनों के रिमांड पर लेने के लिए अपील दायर करेगी। ताकि, डबल मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाने के लिए उससे पूछताछ की जा सके।

वारदात के बाद से हो गया था फरार दरअसल, 31 मई की देर शाम को बाइक सवार अपराधियों ने डबल मर्डर के इस वारदात को अंजाम दिया था। पूर्व विधायक के दोनों भाइयों को ऑफिस से घर पहुंचने के पहले ही काली मंदिर रोड में गोलियों से भून दिया गया था। वारदात के बाद इस केस में पांडव गिरोह के सरगना संजय सिंह और उसके भाई रंजय सिंह समेत कुल 6 लोगों को नामजद किया गया था। जबकि, गोली मारने वाले दो शूटर्स अज्ञात हैं। पुलिस के अनुसार इस वारदात के बाद से रंजय भी झारखंड में जाकर छीप गया था। पुलिस का दावा है कि लगातार चल रही छापेमारी के दबाव की वजह से ही उसने आज कोर्ट में सरेंडर किया है। इस केस में फरार चल रहे संजय सिंह और वारदात में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस के पास डिजिटल एविडेंस हाथ लग चुका है। पटना के एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों हर दिन खुद रिव्यू कर रहे हैं। टीम लगातार अपराधियों की तलाश में बिहार और झारखंड के अंदर छापेमारी कर रही है।